हरियाणा सरकार ने खोले सारे बार्डर
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने किसानों के दिल्ली कूच के मद्देनजर सील किए गए अपने सभी बार्डर खोल दिए हैं। इससे राज्य में सभी मार्गों पर जल्द यातायात सामान्य होने उम्मीद है। इससे पहले हजारों की संख्या मेें किसान सोनीपत में कुंडली बार्डर होते हुए दिल्ली में प्रवेश कर गए ।
दिन में दूसरी ओर बहादुरगढ़ में किसान सड़क पर लगाए गए अवरोधों को हटाकर दिल्ली के टिकरी बार्डर पहुंचे। वहां हरियाणा के किसानों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। पुलिस ने किसानों को दिल्ली में घुसने से रोकने के लिए वाटर कैनन से पानी की बौछार की और आंसू गैस के गोले छोड़े। इससे पहले हरियाणा में हांसी, रोहतक और बहादुरगढ़ शहर व बाईपास पर कहीं भी किसानों को रोकने की कोशिश नहीं की गई। रोहतक के सांपला के पास रोहद बैरियर से भी किसान आगे बढे और यह सिलसिला जारी है। सिरसा के डबवाली में पंजाब-हरियाणा बार्डर पर पंजाब के किसानों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बेरिकेट्स तोड़ दिए। काफी संख्या में पंजाब के किसान हरियाणा सीमा में दाखिल हो गए।
किसान पानीपत से दिल्ली की ओर रवाना हुए तो जिले में पुलिस ने उनको कहीं भी नहीं राेका। इसके बाद वे पानीपत जिले की सीमा पार कर साेनीपत जिले में दाखिल हुए। वहां कुंडली के पास पुलिस ने उनको आगे बढ़ने से रोकने के लिए मोर्चा संभाल रखा है। दूसरी ओर सिरसा में हरियाणा-पंजाब सीमा पर पंजाब की ओर से आए रहे हजारों की संख्या में किसानों ने पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधों व बेरिकेट्स को हटा दिया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच टकराव भी हुआ और पुलिस बल ने किसानों को रोकने की कोशिश की। लेकिन,किसान पुलिस पर भारी पड़े और हरियाणा की सीमा में दाखिल हो गए।