अहीरवाल से मुख्यमंत्री के मुद्दे पर मंत्री राव नरबीर पर कांग्रेस युवा नेता वर्धन यादव का पलटवार, बोले जनता सरपंच भी नहीं चुनेगी

गुरुग्राम : हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के सीएम नायब सैनी को गुरुग्राम से चुनाव लड़ने के ऑफर वाले बयान पर सियासी घमासान मच गया है। कांग्रेस नेता वर्धन यादव ने वीडियो जारी कर राव नरबीर पर अहीरवाल के शौर्य का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होने कहा कि अहीरवाल को ‘इंपोर्टेड’ मुख्यमंत्री की आवश्यकता नहीं है और अहीरवाल की जनता स्थानीय नेता को ही विधायक और मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है।
2024 में राव नरबीर के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर बादशाहपुर विधानसभा से चुनाव लड़े वर्धन यादव ने कहा कि अहीरवाल को इंपोर्टेड मुख्यमंत्री की जरूरत नहीं है। अहीरवाल की जनता स्थानीय नेता को ही विधायक और मुख्यमंत्री चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राव नरबीर ने अहीरवाल के शौर्य और राजनीति को भाजपा के चरणों में विसर्जित कर दिया है।
वर्धन राव ने यहां तक कह दिया कि दक्षिण हरियाणा वो एतिहासिक भूमि है, जिसने हमेशा मुख्यमंत्री बनाया है। आप इस बात की फिक्र कीजिए कि आप कहां से चुनाव लड़ना पसंद करेंगे, क्योंकि आपके इस कायरतापूर्ण बयान के कारण अहीरवाल की जनता विधायक और सांसद तो भूल ही जाइए, किसी गांव का सरपंच तक आपको नहीं चुनेगी।
बता दें कि दो दिन पहले गुरुग्राम में विकसित बादशाहपुर रैली हुई। जिसमें सीएम नायब सैनी मुख्य अतिथि थे। मंच से कैबिनेट मंत्री नरबीर ने कहा कि अहीरवाल की इच्छा है कि मुख्यमंत्री हमारे इलाके का होना चाहिए, इसे पूरी करने के लिए आप अगला चुनाव गुरुग्राम से लड़ लीजिए।
राजनैतिक पंडितों की माने तो राव नरबीर का ये ऑफर कहीं न कहीं अहीरवाल के बड़े नेता राव इंदरजीत सिंह पर निशाना था लेकिन कांग्रेस ने अब इसे अहीरवाल की इज्जत से जोड़ा है। सूत्रों की माने तो राव नरबीर सिंह अपने बड़बोले अंदाज में चुटकी ले रहे थे लेकिन अब इसे अहीरवाल की जनता किस रूप में लेती है ये आने वाला समय ही बता पायेगा।