हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज: कहीं ओले गिरे तो कहीं तेज बारिश

चंडीगढ़ : हरियाणा के विभिन्न जिलों में दीपावली की रात से मौसम का मिजाज एकदम बदल गया है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह से हल्के बादल छाए हुए थे। दोपहर बाद हिसार व सिरसा में अचानक तेज बारिश होने लगी। हिसार में ओले भी गिरे। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और गिरेगा।
नूह जिला में रविवार झमाझम बारिश हुई व कुछ गांवों में ओलावृष्टि भी हुई। हालांकि हल्के ओले गिरने से किसानों को फसल का नुकसान नहीं हुआ। सरसों पर गेंहू की अगैती फसल तथा सब्जी की खेती करने वाले किसानों के चेहरे खुश नजर आए। सब्जी उत्पादक किसान भी बारिश को वरदान मान रहे हैं। वहीं बारिश होने से वायु प्रदूषण में भी कमी दर्ज की गई। सुबह जहां प्रदूषण का स्तर 198 पीएम-2.5 था वहीं बारिश के बाद यह 140 पीएम 2.5 रह गया।
हिसार में अभी तक रात्रि तापमान में गिरावट देखने को मिल रही थी, मगर अब दिन का तापमान भी गिर सकता है। मौसम में अचानक से परिवर्तन हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण रविवार को दिनभर बादल छाए रहे। इसके साथ ही दोपहर तीन बजे के बाद बारिश शुरू हो गई। शहर ही नहीं बल्कि बालसमंद के समीप डाबड़ी गांव में ओलावृष्टि भी हुई। इसके साथ ही आसपास के गांवों में बारिश हुई। जिसके कारण दोपहर बार ही मौसम में नमी महसूस हुई। हालांकि रविवार से ही तापमान में कमी शुरू हो गई।
रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम आकर 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही रात्रि तापमान में तीन डिग्री की गिरावट के साथ 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बारिश के कारण सायं को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लोगों को सर्दी भी महसूस हुई। वहीं दीवाली पर हुई आतिशबाजी के कारण पैदा हुए प्रदूषण में बारिश के कारण कमी आएगी। कह सकते हैं कि प्रदूषण बारिश में धुल गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते राज्य में कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने व बारिश की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। लोग इस मौसम में अपना विशेष ध्यान रखें। सोमवार को भी बादलवाई देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही किसानों को फसलों की बिजाई व अन्य कार्यों को लेकर विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *