सोमवार को मुख्यमंत्री की फिर से शपथ लेंगे नीतीश कुमार
पटना : जद (यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार को रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुन लिया गया और इसके साथ ही कुमार के लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने बताया कि राजग की संयुक्त बैठक में नीतीश कुमार को गठबंधन का नेता चुना गया। बैठक के बाद नीतीश कुमार राजभवन गए और राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा एवं पत्र पेश किया। नीतीश ने संवाददाताओं से कहा, ‘कल (सोमवार) दोपहर बाद 4 से 4.30 बजे के बीच शपथ ग्रहण समारोह होगा।’ उन्होंने कहा कि अभी सभी घटक दलों के नेताओं के साथ हमने राज्यपाल को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के निर्णय के बारे में जानकारी दे दी। उन्होंने कहा कि राज्यपाल महोदय ने मुझे मुख्यमंत्री मनोनीत किया है। उन्होंने कहा कि आगे राज्य का विकास हो, इसके लिये हम सभी मिलकर काम करेंगे । सभी लोग मिलकर हर क्षेत्र और हर तबके के विकास के लिये काम करेंगे। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद कैबिनेट की बैठक होगी और उसमें तय होगा कि सदन की बैठक कब बुलानी है, जिससे सदस्यों का शपथ ग्रहण हो सके। मंत्रियों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कितने लोग शपथ लेंगे, यह भी तय हो जायेगा। यह पूछे जाने पर कि क्या सुशील कुमार मोदी उपमुख्यमंत्री बनेंगे, कुमार ने कहा कि यह सब थोड़ी देर में तय हो जायेगा। राजनाथ सिंह ने भी उपमुख्यमंत्री के नाम के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उचित समय पर जानकारी दे दी जायेगी। इससे पहले, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में मुख्यमंत्री आवास, एक अणे मार्ग पर राजग के घटक दलों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में नीतीश के साथ राजनाथ सिंह, पार्टी के चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस, हम पार्टी के नेता जीतन राम मांझी, वीआईपी पार्टी के नेता मुकेश सहनी भी शामिल हुए। भाजपा के पर्यवेक्षक बनाये गए वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह पटना पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री आवास गए।