ए मेरे वतन के लोगो जरा आँख में भर लो पानी……लता दीदी के साथ एक गीत-संगीत संस्थान का अंत

गुरुग्राम (राजेंद्र रावत) : भारत रत्न लता मंगेशकर भारत की अबतक की सबसे सबसे ज्यादा लोकप्रिय व सम्मानित गायिका हैं। लगभग 60 सालों तक उन्होंने अपनी सुरीली गायिकी की अनवरत बहु आयामी छटा को पूरे भारत वर्ष में 25 भाषाओं में फिल्मी और गैर फ़िल्मी 50 हज़ार से भी ज्यादा गीतों को गा कर इस प्रकार बिखेरा कि वो एक कीर्तिमान बन गया। उनको स्वर कोकिला की उपाधि से नवाज़ा गया।
लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 में मध्यप्रदेश के इंदौर के मराठी परिवार में पिता पंडित दीनदयाल मंगेशकर व माता शेवंती मंगेशकर के घर पर हुआ उनके पिता एक रंगमंच के कलाकार के साथ गायक भी थे। घर में संगीत का माहौल था तो उनका रुझान भी गायन की तरफ बचपन से रहा और उनके साथ उनकी बहने आशा, उषा और मीना भी गाना सीखा करती थी।
वर्ष 1942 में उनके पिता का साया उनके सर से उठ गया जब वे केवल 13 वर्ष कीं थी। जिसके कारण घर की सारी जिम्मेदारी लता मंगेशकर पर आ गयी। इस मुश्किल समय में उनके पिता के मित्र नवयुग चित्रपट फिल्म कंपनी के मालिक विनायक दामोदर ने इनका साथ दिया उन्हे फ़िल्मों में काम दिलाने में मदद की। उन्होंने अपना पहला गीत मराठी फिल्म कीर्ति हसाल के लिए गाया था।
घर चलाने के लिए उन्होंने पाहिली मंगलागौर, माझे बाल, चिमुकला संसार, गजभाऊ, बड़ी माँ, जीवन यात्रा, माँद, छत्र पति शिवाजी आदि हिंदी व मराठी फिल्में शामिल हैं। इसके बाद उन्होंने कुछ फिल्मों के लिये गीत गाये परंतु वो सफलता नही जिसकी चाह थी।
सन 1949 में प्रदर्शित फिल्म “महल” के गीत ‘आयेगा आयेगा आने वाला’ इतना चर्चित हुआ कि उनके लिये मील का पत्थर साबित हुआ और वहाँ से लता मंगेशकर ने पीछे मुड़कर कभी नही देखा।
आपको बता दे कि उनका नाम पहले हेमा मंगेशकर था जिसे बदल कर लता मंगेशकर कर दिया गया था। उन्हे स्वर साम्रागी, राष्ट्र की आवाज़, भारत कोकिला और लता दी के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने आनंद घन बैनर तले फ़िल्मों का निर्माण किया और संगीत भी दिया। बचपन में अभिनेता गायक कुंदन लाल सहगल की फिल्म चंडीदास को देख कर कहा कि वो बड़ी होकर उनसे शादी करेंगी। वे जब गाती तो नंगे पाँव ही गाती जिससे पता चलता है कि गीत संगीत उनके लिए पूजा के समान है । लता मंगेशकर एक मात्र ऐसी जीवित प्रतिभा थी जिनके नाम से पुरुस्कार दिये जाते थे।
एक समय ऐसा भी आया कि उन्होंने फिल्म फेयर पुरुस्कार लेने से मना कर दिया। वर्ष 1974 में उन्हे दुनिया में सर्वाधिक गीत गायन के कीर्तिमान स्थापित कर अपना नाम गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज करवाया। भारत का सर्वोच्च नागरिक पुरुस्कार भारत रत्न, पद्म विभूषण, पद्म भूषण, दादा साहेब फाल्के, कई लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, नूरजहां पुरुस्कार, एन टी आर पुरुस्कार, राजीव गांधी पुरुस्कार व अन्य अनेकों पुरुस्कारों से सम्मानित किया गया।
मुंबई स्थित ब्रीच कैंडी हस्पताल में स्वर साम्रागी, स्वर कोकिला लता दीदी ने 92 वर्ष में सब की आँखों में आँसू छोड़ सबको अलविदा कह दिया। बेशक वो आज हमारे बीच नहीं है परंतु अपनी सुरीली आवाज़ और गीतों के माध्यम से वो सदा हमारे बीच अमर रहेंगी।