सावधान ! कहीं बेंगलुरु जैसी स्थिति पूरे देश की ना हो जाए !

शरद गोयल : देश के प्रमुख महानगरों में से एक बेंगलुरु पिछले लगभग दो दशकों से पूरे देश का ही नहीं, बल्कि एशिया का एक प्रमुख आई.टी. हब बनके उभरा। इस नाते इस शहर ने विश्व में अत्यधिक ख्याति प्राप्त की। दुर्भाग्य से पिछले कुछ महीनों में यह भू-चर्चित शहर फिर से चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस बार यह चर्चा इस शहर के विकास की नहीं, अपितु विनाश की है। बेंगलुरु का जलस्तर खतरनाक स्तर से भी नीचे हो गया है और कई स्थानों पर तो पीने के पानी की उपलब्धता लगभग समाप्त हो चुकी है। हालत इस हद तक हो चुकी है कि बहुत सी बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने अपने कार्यालय लगभग बंद से कर दिए है और सभी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के आदेश दे दिए है। क्योंकि कार्यालय में पानी उपलब्ध करवाना उनके लिए लगभग असंभव सा हो गया है। इस सुन्दर शहर की यह दुर्दशा रातों-रात नहीं आई और ना ही इसको हम प्राकृतिक आपदा कह सकते है। इस दशा के लिए वहाँ के नगर योजनाकार ही जिम्मेदार है।
यदि पूरे देश की जल स्थिति का अध्ययन करे तो कमोपेश स्थिति सभी जगह ऐसी ही है। जहाँ अभी ऐसी नहीं है वहाँ ऐसी होने वाली है। हमारे देश के राजनेता और नगर योजनाकार इस समस्या की ओर अभी आँखे मूंदे हुए है और शायद उनकी आँख तब खुलेगी जब पूरे देश की स्थिति संकट में हो जाएगी।
भारत में लगभग 200 से अधिक मुख्य नदियाँ है। इन नदियों में बाढ़ आने से पूरे देश में हर वर्ष लाखों करोडो रुपए की चल-अचल सम्पति का नुकसान होता है और औसतन पूरे देश में 1000-1200 लोग प्रतिवर्ष मर जाते है। जिस देश में पानी का ऐसा तांडव हर वर्ष होता हो, उसी देश में महानगरों की हालत सूखे जैसी हो जाए। इससे देश के करणधारों की नियत पर शक होता है। आजादी के 75 साल बाद भी देश का बहुत बड़ा हिस्सा पीने के पानी से वंचित है। हालाँकि 2016-१७ में सरकार ने जोहड़ बनाने के लिए काफी बड़ी योजना भी बनाई थी जिसके तहत देश भर में 6 लाख के करीब जोहड़ों का निर्माण किया गया था। ऐसा सरकारी आंकड़ा बताते है इस योजना में सबसे अधिक आंध्रप्रदेश में जोहड़ बनाए गए।
सरकारी जानकारी के अनुसार प्राय: प्रति वर्ष 4000 बिलियन क्यूबिक मीटर जल देश के विभिन्न स्तोत्रों में उपलब्ध होता है। नेशनल कमीशन फॉर इंटीग्रेटेड वाटर रिसोर्स डेवलपमेंट ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि देश में जल की आवश्यकता को पूरा करने के लिए 458 बिलियन क्यूबिक मीटर जल भण्डारण क्षमता की आवश्यकता है। किन्तु अभी देश की जल भण्डारण क्षमता केवल 225 बिलियन क्यूबिक मीटर ही है। एक ओर महत्वपूर्ण विषय इन सभी नदियों की तलहटी की सफाई करना है। विश्व के सभी उन्नत देशों में नदियों की तलहटी की सफाई की जाती है। जिससे सैकड़ों साल से जमा हुए तलहटी के गाद को साफ़ किया जाता है। उसको हटाने के कारण इन नदियों की जल भण्डारण की क्षमता बढ़ती है व नदियों में बहने वाले पानी को भूमि द्वारा सोखने की शक्ति भी बढ़ती है। इस तरह से बारिश के पानी को समुद्र के पानी में जाने से रोका जा सकता है।
सारे विषय पर प्रकाश डालें तो यह बात सामने आती है कि देश में जल की कमी नहीं है अपितु जल प्रबंधन की कमी है। राज्य सरकार व केंद्र सरकार को राजनीतिक लाभ से ऊपर उठकर इस और गंभीर कदम उठाने होंगे और इस समस्या का स्थाई समाधान जल्द से जल्द करना होगा। इससे पहले की अधिक देर ना हो जाए और सारे देश की स्थिति बेंगलुरु जैसी हो जाए।