रेवाड़ी में होमगॉर्ड की पीट-पीटकर हत्या
रेवाड़ी। मामा के लड़के से मारपीट कर रहे युवकों को रोकना होमगार्ड को महंगा पड़ गया। उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। आरोपी युवकों ने बीच बचाओ कराने आए होमगार्ड को खूब पीटा, जिससे अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के साथ लगते नया गांव दौलतपुर निवासी 41 वर्षीय राजेश गांव भाड़ावास पुलिस चौकी में बतौर होमगार्ड तैनात था। 12 अक्तूबर की शाम को वह बाइक पर अपनी ड्यूटी करने जा रहा था। इसी दौरान वह नगर के बाईपास स्थित प्रजापति चौक पर अंडा की रेहड़ी लगा रहे अपने मामा के लड़के के पास किसी कार्य से रुक गया। इसी दौरान ट्रैक्टर पर सवार होकर दो युवक आए और उसके मामा के लड़के के साथ अंडे के पैसों को लेकर विवाद करने लगे। वह उसे धमकी देकर उस समय तो चले गए, लेकिन कुछ देर बाद गाड़ी में सवार होकर अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने पहले लड़के को बुरी तरह से पीटा और फिर बीच बचाव करने आए राजेश को भी बुरी तरह से धुन दिया। उसे अंदरूनी गंभीर चोटें आई। वह जैसे-तैसे अपनी पुलिस चौकी पर पहुंचा तो उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसे ट्रॉमा सेंटर से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान बीती रात को उसने दम तोड़ दिया। शहर थाना पुलिस ने अब हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिला था।