देशराजनैतिकहरियाणा

भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता संगठन की अमूल्य धरोहर, उनका सम्मान हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुकमल में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित, राम मंदिर, अनुच्छेद 370 और तीन तलाक जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों पर किया संवाद

-वरिष्ठ कार्यकर्ता मेरे परिवार के सदस्य, संत कबीर कुटीर के दरवाजे उनके लिए सदैव खुले हैं : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

गुरुग्राम, 04 नवंबर 2026। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय ‘गुरुकमल’ में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया तथा उनके साथ आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के संगठन के प्रति समर्पण, लंबे संघर्ष और योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति के पीछे उन कार्यकर्ताओं का परिश्रम और निष्ठा है, जिन्होंने वर्षों तक पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्य किया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रहित में लिए गए प्रमुख निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने अयोध्या में भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने तथा तीन तलाक के विरुद्ध कानून बनाए जाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्र एवं हरियाणा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ साझा की। उन्होंने सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता उनके लिए केवल संगठन के सदस्य नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ता उनसे कभी भी, किसी भी समय निःसंकोच मिल सकते हैं। चंडीगढ़ स्थित उनके मुख्यमंत्री आवास ‘संत कबीर कुटीर’ के दरवाजे सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के लिए सदैव खुले हैं। मुख्यमंत्री का यह संदेश वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान, आत्मीयता और संगठन के साथ उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाता है।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण मुख्यमंत्री का वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर दोपहर का भोजन करना रहा। मुख्यमंत्री ने अत्यंत सहज और पारिवारिक वातावरण में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया तथा उनसे व्यक्तिगत संवाद भी किया।

जिला मीडिया प्रभारी अजय दुआ ने जानकारी देते हुए कहा इस अवसर पर भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर तथा पटौदी विधायक बिमला चौधरी की विशेष उपस्थिति रही।

यह कार्यक्रम वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान, संगठनात्मक एकजुटता और सरकार एवं संगठन के बीच आत्मीय संबंधों का महत्वपूर्ण अवसर बना।