पल्ला इंजीनियरिंग कालेज के छात्रों की मांग बिना देरी के पूरी करे सरकार: वर्धन यादव
-पल्ला इंजीनियरिंग कालेज को बीजेपी ने बना दिया है राजनीति का अखाड़ा: वर्धन यादव
-कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव ने छात्रों के आंदोलन को दिया समर्थन
गुरुग्राम : नूंह जिला के पल्ला इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रहे आंदोलन को कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव ने समर्थन देते हुए छात्रों की मांगों को जल्द से जल्द मानने की सरकार से मांग की है। बुधवार को आंदोलित छात्रों के बीच पहुंचे वर्धन यादव ने कहा कि शिक्षा के मंदिर को भाजपा के नेता ने राजनीति का अखाड़ा बना दिया है, जो निंदनीय है। किसी भी शिक्षण संस्थान में मूलभूत सुविधाओं होना पहली जरूरत होती है, मगर पल्ला इंजीनियरिंग कालेज सुविधाओं से महरूम रखा जा रहा है।
वर्धन यादव ने कहा कि पल्ला इंजीनियरिंग कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की कमी, खराब हॉस्टल की स्थिति, पीने के पानी का संकट, पर्याप्त प्रयोगशालाओं और शिक्षकों की कमी के साथ-साथ कर्मचारियों के 2018 से डीए से रुके हुए डीए व प्रमोशन की मांग को लेकर छात्र व स्टाफ धरने पर हैं। हरियाणा में यह कारनामा भाजपा की सरकार में हो रहा है कि छात्र और स्टाफ मिलकर आंदोलन की राह पर हैं। सरकार शिक्षण संस्थान की इस गंभीरता को समझ ही नहीं रही। दिखावे के लिए बातचीत का रास्ता निकाल रही है, जबकि मांगों को शत-प्रतिशत पूरा करना ही इस आंदोलन की समाप्ति की राह है। वर्धन यादव ने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों की मुख्य मांग कॉलेज एडमिनिस्ट्रेटर जाकिर हुसैन का इस्तीफा है, जिस पर सरकार की ओर से कोई पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड ने जिस उद्देश्य से इस कॉलेज को बनाया था, वह उद्देश्य यहां पूरा नहीं हो रहा। कालेज की छात्र हित में इस्तेमाल होना चाहिए, मगर यहां कालेज को राजनीतिक लोग संचालित कर रहे हैं।
वर्धन यादव ने कहा कि ये सभी मांगें पूरी तरह जायज हैं। किसी भी इंजीनियरिंग कॉलेज में अगर यही सुविधाएं नहीं होंगी, तो छात्र कैसे पढ़ेंगे, कैसे आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा पर खर्च को बोझ नहीं, बल्कि निवेश समझना चाहिए। अगर आज छात्रों को अच्छी शिक्षा नहीं मिलेगी, तो कल प्रदेश और देश का विकास कैसे होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के एक नेता द्वारा कॉलेज के मामलों में हस्तक्षेप किया जा रहा है। इससे कॉलेज का शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है। शिक्षण संस्थान को राजनीति से दूर रखना चाहिए। वहां सिर्फ पढ़ाई, अनुशासन और छात्रों के भविष्य की बात होनी चाहिए। लेकिन यहां उल्टा हो रहा है। राजनीति के कारण ही छात्रों की समस्याएं बढ़ी हैं और उन्हें सडक़ों पर उतरना पड़ा है।
वर्धन यादव के साथ युवा नेता शाहीन शम्स भी पहुंचे जिन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से छात्रों के साथ खड़ी है। छात्रों का संघर्ष अकेला नहीं है। अगर सरकार ने जल्द उनकी मांगों को नहीं माना, तो कांग्रेस सडक़ से लेकर विधानसभा तक उनकी आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में शिक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी गई। मौजूदा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। आज सरकारी स्कूल, कॉलेजों की हालत खराब है। शाहीन शम्स ने कहा कि पल्ला इंजीनियरिंग कॉलेज मेवात जैसे पिछड़े क्षेत्र में स्थित है। यहां के छात्र पहले से ही कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में अगर उन्हें कॉलेज में भी सुविधाएं नहीं मिलेंगी, तो यह उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा। सरकार को इस क्षेत्र पर विशेष ध्यान देना चाहिए। मेवात के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर देने होंगे।
उपस्थित छात्रों ने सरकार से मांग की है कि सबसे पहले कालेज के एडमिनिस्ट्रेटर जाकिर हुसैन को हटाया जाए। भूख हड़ताल पर बैठे दोनों छात्रों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। कॉलेज की इमारत और हॉस्टल की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए। छात्रों की 16 सूत्रीय मांगों पर एवं शिक्षकों की 14 सूत्रीय मांगों पर बिना देरी के विचार करके समाधान निकाला जाए। कॉलेज के संचालन, बजट और भविष्य को लेकर सरकार साफ तौर पर रोडमैप सार्वजनिक करे, ताकि कालेज के स्टाफ व छात्रों को पढऩे-पढ़ाने का बेहतर माहौल मिले। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने वर्धन यादव के समर्थन के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।
