बरोदा उपचुनाव : पहलवान और नरवाल में कड़ा मुकाबला
सोनीपत : बरोदा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा के योगेश्वर दत्त और कांग्रेस के इंदुराज नरवाल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। वैसे यह सीट कांग्रेस पार्टी का गढ़ रही है। यहां पर श्रीकृष्ण हुड्डा जीतते रहे हैं। बीजेपी ने पहलवान को टिकट देकर बड़ी सियासत की है ताकि ये सीट उसके हाथ से फिसलने न पाए|
सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बरोदा विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने इंदुराज नरवाल पर भरोसा जताते हुए टिकट थमाया है। कई घंटे तक चली राजनीतिक उठापटक के बाद इंदुराज नरवाल का नाम फाइनल किया गया। इंदुराज नरवाल को शुक्रवार दोपहर से पहले नामांकन दाखिल करेंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले कपूर नरवाल के नाम का कांग्रेसियों ने विरोध किया था। इसके चलते बृहस्पतिवार देर रात तक चली बैठक में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अड़े होने के बाद भी हाईकमान ने दूसरा नाम मांगा था। वहीं, पूर्व विधायक स्वर्गीय श्रीकृष्ण हुड्डा के बेटे जीता हुड्डा, उनकी पत्नी गायत्री हुड्डा और प्रदीप सांगवान के नाम पर भी सहमति नहीं बन पाई। कांग्रेस पार्टी से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 11 बजे भूपेंद्र सिंह हुड्डा कार्यकर्ताओं के साथ खुद इंदुराज का नामांकन भरवाने बरोदा पहुंचेंगे। इस बाबत सीमित संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को 11 बजे नामांकन भरवाने के लिए पहुंचने के लिए कहा गया है। आखिर में इंदुराज नरवाल के नाम पर मुहर लगी है।
बताया जा रहा है कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट के विधायक भी कपूर नरवाल को टिकट देने का विरोध कर रहे थे। तर्क दिया गया था कि कपूर नरवाल के खिलाफ कांग्रेस ने जमकर प्रचार किया था। ऐसे में अब किस मुंह से उनके लिए वोट मांगेंगे।