बिहार के मंत्री विनोद कुमार सिंह का गुरुग्राम के अस्पताल में निधन
गुरुग्राम : बिहार के पिछड़ा और अति पिछड़ा कल्याण मंत्री विनोद कुमार सिंह का सोमवार को निधन हो गया। ब्रेन हैमरेज होने के बाद उन्हें यहां मेदांता अस्पताल में दाखिल कराया गया था। वह कोमा में चले गए थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। मंत्री के पार्थिव शरीर को लेकर स्वजन अस्पताल से रवाना हो गए।
जानकारी के मुताबिक कटिहार के प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक विनोद सिंह को 14 अगस्त की रात ब्रेन हेमरेज हुआ था। उन्हें पहले कटिहार के अस्पताल में ले जाया गया। 16 अगस्त को पटना के रूबन अस्पताल में भर्ती किया गया था। मगर हालत बिगड़ने पर 17 अगस्त को एयर एंबुलेस से दिल्ली लाकर मेदांता में भर्ती किया गया था। उनकी हालत लगातार खराब बनी हुई थी।