अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने थामा भाजपा का दामन, कांग्रेस को बाय बाय
नई दिल्ली : अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। सुंदर ने आज सुबह कांग्रेस से इस्तीफा देते हुए कहा था कि वह ऐसा कुछ नेताओं के अपनी बात थोपने और दबाव डालने के विरोध में कर रही हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद खुशबू (50) ने कहा कि राष्ट्र के तौर पर अगर आगे बढ़ना है तो हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे नेता की जरूरत है जो देश को सही दिशा में ले जा सकें। इस बीच कांग्रेस ने दिल्ली में घोषणा की कि सुंदर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पद से तत्काल प्रभाव से हटाया जाता है। वहीं तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी ने कहा कि उनके फैसले से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा। लोकप्रिय तमिल अभिनेत्री सुंदर 2014 में कांग्रेस में शामिल हुई थीं। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी को भेजा है। कांग्रेस में शामिल होने से पहले वह द्रमुक में थीं।