कांग्रेस में फूट साफ, घोटालेबाज है भाजपा सरकार : अभय सिंह चौटाला

जींद : इनेलो के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस में फूट साफ देखने को मिल रही है। वहीं भाजपा सरकार ने एक वर्ष में 9 घोटाले किये हैं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी का ट्रैक्टर चलाने में राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला में होड़ मची हुई थी। उस समय प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने मौका देखकर खुद ही ट्रैक्टर का स्टीयरिंग संभाला। इसके बाद दो दिन की ट्रैक्टर रैली एक दिन में ही समाप्त करनी पड़ी।
अभय जुलाना विधानसभा क्षेत्र के गांव बराड़ खेड़ा में सभा को संबोधित कर रहे थे। जजपा नेताओं पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल की नीतियों को चलने की बात कहने वालों ने कोरोना काल में शराब बेचकर घोटाला किया। जब सब कुछ बंद था, उस समय भी पूरे प्रदेश में शराब पूरे जोर-शोर से बिक रही थी। इसके लिए जो लोग जिम्मेदार थे, उन पर कोई कार्रवाई आज तक नहीं की गई है। अभय ने कहा कि किसान हितैषी होने का दावा करने वाले राहुल गांधी अगर सच में किसान हितैषी हैं तो पंजाब से हरियाणा को एसवाईएल का पानी दिलाएं। उन्होंने कहा कि बरोदा उपचुनाव में जनता गठबंधन की सरकार को सबक सिखाएगी। इस मौके पर पूर्व विधायक एवं इनेलो के जिला अध्यक्ष रामफल कुंडू, इनेलो व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष सतीश जैन, हलकाध्यक्ष कृष्ण लाठर व अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *