हरियाणा में नगर निगम के चुनावों की भी तैयारी शुरू

चंडीगढ़ : बरौदा उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम के चुनावों की भी तैयारी शुरू हो गई है। रेवाड़ी नगर परिषद और बास, सिसाय और उकलाना (हिसार), धारूहेड़ा (रेवाड़ी), सांपला (रोहतक), इस्माइलाबाद (कुरुक्षेत्र), सढौरा (यमुनानगर) नगरपालिकाओं के चुनाव भी साथ में होंगे।
सोनीपत में नगर निगम बनने के सवा पांच साल बाद भी चुनाव नहीं हो पाए हैं। नई वार्डबंदी के बाद अंबाला और पंचकूला नगर निगम में भी यह पहले चुनाव होंगे। इसके अलावा फतेहाबाद नगर परिषद के वार्ड नंबर 14 और नगर पालिकाओं के नौ वार्डों के लिए उपचुनाव होंगे। इनमें सफीदों (जींद) का वार्ड नंबर नौ, इंद्री (करनाल) का वार्ड नंबर सात, अटेली मंडी (महेंद्रगढ़) के वार्ड नंबर- तीन, चार, सात, आठ व नौ, राजौंद (कैथल) के वार्ड नंबर- 12 और भूना (फतेहाबाद) के वार्ड नंबर 13 शामिल हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त दलीप सिंह ने बताया कि स्थानीय निकायों के चुनाव और उपचुनाव के लिए 25 सितंबर को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची को बूथों और वार्डों के अनुसार वितरित और अपडेट करने का काम शुरू कर दिया गया है। 12 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक मतदाता सूचियों का वितरण किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित करने के लिए 27 अक्टूबर को इन ड्राफ्ट मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया जाएगा।
दावे एवं आपत्तियां 3 नवंबर तक स्वीकार की जाएंगी। दावों एवं आपत्तियों का निपटान 11 नवंबर तक होगा। उपायुक्त द्वारा अपीलों का निपटान करने के बाद वार्ड अनुसार मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 27 नवंबर को किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *