भाजपा ठगों का गिरोह है : ओम प्रकाश चौटाला
कैथल : इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा ठगों का गिरोह है जो देश को लूट रहा है, इनको लोगों से कोई प्यार नहीं है। भाजपा के राज में किसान, मजदूर, कारखानेदार, कमेरा वर्ग सबका बुरा हाल हो गया है। चौटाला यहां पार्टी के प्रदेश महासचिव अशोक जैन के आवास पर पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे बातचीत की।
तीन कृषि कानूनों पर बोलते हुए चौटाला ने कहा कि इन कानूनों ने तो पूरे देश को बर्बाद कर दिया है। देश की अर्थव्यवस्था का बुरा हाल है। हमारा देश कृषि प्रधान देश है, अगर किसान खुशहाल हैं तो देश मालामााल है और अगर किसान तंग है तो पूरा देश तंग है और दुखी है।
जजपा नेताओं पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग चौधरी देवीलाल को दादा मानते थे वे अब गौतम को दादा कहते हैं और गौतम भी उनको छोड़कर चले गए हैं। इस अवसर पर जिला प्रधान राजा राम माजरा, हलका प्रधान अनिल क्योड़क, शशि भूषण वालिया, महावीर पट्टी अफगान, ओम प्रकाश ढांडा, रणबीर फौजी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।