कोरोना काल में मदद को गौतम गंभीर के साथ आये अभिनेता अक्षय कुमार !
नई दिल्ली : कोरोना संक्रमण की चपेट में आए को फैबीफ्लू दवा निशुल्क बांट कर पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर राहत पहुंचा रहे हैं। इस कार्य में साथ देने के लिए बालीवुड के ‘खिलाडी’ यानी अभिनेता अक्षय कुमार आगे आए हैं। अक्षय कुमार ने गौतम गंभीर फाउंडेशन (जीजीएफ) को इस कार्य के लिए एक करोड़ रुपये देने का वादा किया है। गौतम गंभीर ने बताया कि अभी वह पूर्वी दिल्ली में ही दवा बांट रहे हैं। जल्द फाउंडेशन के पूसा रोड स्थित कार्यालय से भी दवा वितरण की शुरुआत की जाएगी। ताकि पूरी दिल्ली को दवा मिले। जरूरतमंद लोगों के भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है।
सांसद गौतम गंभीर ने शनिवार शाम को ट्वीट कर जानकारी दी थी कि जरूरतमंदों को भोजन, दवा और आक्सीजन मुहैया कराने के लिए अभिनेता अक्षय कुमार गौतम गंभीर फाउंडेशन को एक करोड़ रुपये दे रहे हैं। साथ ही लिखा था कि इस निराशा के वक्त में हर मदद आशा की किरण जगाती है। इस पर अक्षय कुमार ने ट्वीट किया कि वाकई यह मुश्किल वक्त है। मदद करके मुझे खुशी हाेगी। मुझे उम्मीद है, हम सब जल्द इस संकट से बाहर आएंगे।
