पुलिस की अब मौलाना मुहम्मद साद को दबोचने की तैयारी
नई दिल्ली : देश में कोरोना को लेकर बड़ा संकट खड़ा करने वाले तब्लीगी मरकज के प्रमुख मौलाना मुहम्मद साद व उसके छह सहयोगियों को क्राइम ब्रांच छह माह बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। कुछ विदेशी जमातियों का कोर्ट में अभी ट्रायल चल रहा है, जोकि एक सप्ताह में खत्म हो जाएगा। इसके बाद क्राइम ब्रांच मौलाना साद की गिरफ्तारी के लिए कदम बढ़ा सकती है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मौलाना मुहम्मद साद को गिरफ्तार कर लिया जायेगा |
कोरोना वायरस फैलाने और अन्य नियमों के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किए गए मरकज में ठहरने वाले 36 देशों के 908 विदेशी नागरिकों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया था। इनमें से कई जमातियों को कोर्ट में ट्रायल पूरा होन पर जुर्माना भरने के बाद उनके देश भेज दिया गया है। सबसे अधिक करीब 425 नागरिक इंडोनेशिया के थे। अब 36 विदेशी नागरिक शेष बचे हैं, जिनके खिलाफ ट्रायल चल रहा है। एक सप्ताह में इनका भी ट्रायल खत्म हो जाएगा। ऐसे में सभी विदेशी जमातियों को उनके देश भेज देने के बाद क्राइम ब्रांच साद पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।