अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर किया 36 महिलाओं को सम्मानित !

गुरुग्राम: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित महिला दिवस समारोह की अध्यक्षता जिला उपायुक्त डा. यश गर्ग ने की। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली 36 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
डा. यश गर्ग ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि इस बार महिला दिवस की थीम ‘चूज टू चैलेंज’ अर्थात ‘चुनौतियों को स्वीकारें’ था। उन्होंने कहा कि प्रशासक के तौर पर वे जिले में महिलाओं को आगे बढ़ने के पूरे अवसर प्रदान करेंगे। अपनी कामयाबी का श्रेय अपनी मां को देते हुए डा. गर्ग ने कहा कि वे जो भी कुछ हैं, मां की वजह से हैं। एमबीबीएस के बाद प्रशासनिक सेवा में आए तो मां के सहयोग से। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। जहां तक खेलों में मैडल लाने की बात है, हमारे देश के लिए महिला खिलाड़ी ज्यादा मैडल जीतकर लाई। बोर्ड की परीक्षाओ में भी लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहता है।
इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त प्रशांत पंवार भी उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकार सुनैना ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि महिलाओं ने चुनौतियों का सामना करते हुए उसे समाधान में बदला है। महिलाओं ने कभी चुनौतियों से हार नहीं मानी और निरंतर आगे बढ़ती रहीं। पशुपालन विभाग की उपनिदेशक डा. पुनीता ने महिला दिवस के इतिहास पर प्रकाश डाला और बताया कि पहले विश्व के कई देशों में महिलाओं को वोट देने का अधिकार नहीं था, जोकि काफी संघर्ष के बाद मिला।
इस जिला स्तरीय समारोह को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के आवास पर आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के साथ वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से जोड़ा गया जहां से मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के मुख्य सचिव विजय वर्धन, महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा. राकेश गुप्ता, निदेशक डा. रेनू फूलिया ने महिलाओं को संबोधित किया।