दिल्ली के होटल में युवती से दुष्कर्म में लेडी हार्डिंग अस्पताल का कर्मचारी गिरफ्तार
नई दिल्ली : दिल्ली के पहाड़गंज स्थित एक होटल में युवती से दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि लेडी हार्डिंग अस्पताल में इलाज कराने आई 22 साल की युवती को अस्पताल का ही कर्मचारी मदद के बहाने होटल ले गया, जहां उसने घटना को अंजाम दिया।
आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया जो कि अस्पताल में सफाई कर्मचारी है और फिलहाल कोविड की वजह से कम स्टाफ होने के कारण काउंटर पर पर्ची बनाने का काम कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता रेखा (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ मयूर विहार के कोंडली में रहती है। कुछ माह से रेखा इलाज के लिए लेडी हार्डिंग अस्पताल आ रही थी। यहां उसकी पहचान कर्मचारी राजकुमार से हुई। पर्ची बनवाने और डॉक्टर को दिखवाने में राजकुमार ने उसकी कई बार मदद की थी।
आरोप है कि शनिवार को भी रेखा अस्पताल आई थी, लेकिन राजकुमार ने डॉक्टर के न होने पर उसे पहाड़गंज चलने के लिए कहा। वह बाइक से पीड़िता को होटल ग्रांड शांति पैलेस ले गया। वहां पीड़िता से दुष्कर्म और अप्राकृतिक यौनाचार किया। घटना के बाद राजकुमार उसे होटल के बाहर छोड़कर फरार हो गया।
रेखा ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता का बयान लेकर उसका मेडिकल करवाया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर रविवार को आरोपी को पहाड़गंज की चूना मंडी स्थित उसके घर से दबोच लिया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।