पति से तलाक पर अब ससुर कर रहा महिला चिकित्सक का पीछा
गुरुग्राम। साइबर सिटी के एक निजी अस्पताल की महिला चिकित्सक ने पूर्व ससुर पर छेड़छाड़ और पीछा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि करीब डेढ़ साल पहले उन्होंने अपने पति से अमेरिका में तलाक ले लिया था। बावजूद इसके पूर्व पति के परिजन उसे परेशान कर रहे हैं। सेक्टर-56 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-56 थाना क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि शादी के बाद वह अमेरिका में रहने लगी थी। पति से विवाद के बाद उनका अमेरिका में ही तलाक हो गया। अब वह वापस भारत आकर एक नामी अस्पताल में चिकित्सक हैं। उसके पूर्व पति के परिजन भी उनके घर के पास ही रहते हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पूर्व ससुर उसका पीछा करके उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करते हैं। अक्सर वह मार्केट में उनके पीछे आते हैं। जब वह अस्पताल में होती है तो इलाज के बहाने अस्पताल आकर उन पर नजर रखते हैं। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अस्पताल, मार्केट समेत कई अन्य स्थानों से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच कर रही है।