हरियाणा में धान की खरीद आज शाम से शुरू

चंडीगढ़ : केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद रविवार से हरियाणा में धान की खरीद शुरू होगी। हरियाणा सरकार ने पहले चरण में अम्बाला, कुरुक्षेत्र, करनाल व कैथल जिलों में धान खरीद शुरू करने का फैसला लिया है। दूसरे चरण में 29 सितंबर से प्रदेश की सभी मंडियों में धान की खरीद शुरू होगी। तीसरे चरण में एक अक्तूबर से मंडियों ने धान के अलावा मक्का, बाजरा समेत खरीफ की सभी फसलों की खरीद शुरू होगी।
खाद्य आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पी.के.दास ने अधिकारियों की बैठक के बाद बताया कि राज्य में धान की पीआर-126 किस्म की खरीद 27 सितंबर से शुरू हो जाएगी। धान की पीआर-126 किस्म फसल पक कर तैयार हो गई है और रविवार से कुरुक्षेत्र, करनाल, अम्बाला और कैथल में मंडियां शुरू हो जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इन चार जिलों में 35 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिनमें करीब चार लाख क्विंटल धान आ चुकी है और किसानों की असुविधा को समझते हुए प्रदेश सरकार ने खरीद कल से ही आरंभ करने का कार्यक्रम बना लिया है। उन्होंने बताया कि हैफेड, हरियाणा स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के माध्यम से खरीद शुरू हो जाएगी। दास ने बताया कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा किसानों को मंडियों में आने के लिए जारी किए जा रहे गेट पास को मार्केट कमेटी के स्टाफ के माध्यम से सत्यापित करवाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *