कोरोना से राहत : हरियाणा के 18 जिलों में 95 प्रतिशत से अधिक हुआ रिकवरी रेट

चंडीगढ़ : हरियाणा में कोरोना के मामले अब लगातार कम हो रहे हैं। मरीजों के ठीक होने की दर भी बढ़ रही है। ओवरआल 96 प्रतिशत से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं। कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 2 लाख 58 हजार 322 है और इनमें से 2 लाख 48 हजार 935 ठीक हो चुके हैं।
पिछले 24 घंटे में 632 नये केस मिले हैं। राज्य में अब मरीजों की संख्या 80 दिन में डबल हो रही है। 18 जिलों में रिकवरी रेट 95 प्रतिशत से भी अधिक है। नूंह में 24 घंटे के दौरान एक भी नया पॉजिटिव केस नहीं मिला। 24 घंटों के दौरान महामारी की वजह से 5 और लोगों की मौत हुई है। फरीदाबाद व हिसार में 2-2 तथा कुरुक्षेत्र में एक व्यक्ति की जान गई है।
अभी तक 2827 लोगों की जान जा चुकी है। अब तक फरीदाबाद में 395, गुरुग्राम में 339, हिसार में 311, यमुनानगर में 129, करनाल में 145, पंचकूला में 138, अम्बाला में 142, पानीपत में 145, कुरुक्षेत्र में 120, सिरसा में 112, रोहतक में 145, भिवानी में 134, फतेहाबाद में 113, जींद में 88, कैथल में 48, सोनीपत में 78, रेवाड़ी में 71, झज्जर में 79, नूंह में 30,पलवल में 23, चरखी दादरी में 24 और महेंद्रगढ़ में 18 मरीजों की मौत हो चुकी है।