पाक जलडमरूमध्य (Palk strait) में इतिहास रचने को तैयार काम्या भारद्वाज
गुरुग्राम : राष्ट्रीय स्तर की तैराक काम्या भारद्वाज भारत और श्रीलंका के बीच पाक जलडमरूमध्य (Palk Strait) को दो बार तैरकर पार करने का नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में हैं।
12 अप्रैल, 2026 को दोपहर 12:30 बजे काम्या अपनी कठिन यात्रा भारत के धनुषकोडी से शुरू करेंगी। उनका लक्ष्य है कि रात होने से पहले श्रीलंका के तलाईमन्नार पहुंचें, वहां से तुरंत वापस लौटें, पूरी रात तैरें और 13.04.2026 की सुबह 10:00 से 11:00 बजे के बीच फिर से धनुषकोडी लौट आएं।
काम्या का मुख्य उद्देश्य सुचेता देब बर्मन द्वारा बनाए गए पिछले रिकॉर्ड को तोड़ना है। हरियाणा की रहने वाली काम्या पहले ही 81 किमी की दुनिया की सबसे लंबी ओपन वॉटर स्विमिंग रेस पूरी करने वाली हरियाणा की पहली महिला तैराक बनने का गौरव हासिल कर चुकी हैं। वह इसे अपने अगले लक्ष्य “7 ओशन्स” सीरीज़ की दिशा में एक अहम कदम के रूप में कर रही हैं।
गुरुग्राम की काम्या भारद्वाज की मुख्य उपलब्धि मुर्शिदाबाद में आयोजित 79वीं दुनिया की सबसे लंबी ओपन वॉटर स्विमिंग प्रतियोगिता (81 किमी) को 12 घंटे 45 मिनट में पूरा कर दूसरा स्थान हासिल करना है।
तैराकी जगत बेसब्री से इंतज़ार कर रहा है कि क्या “हरियाणा की यह बेटी” दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक, पाक जलडमरूमध्य(Palk strait) को जीतकर एक बार फिर इतिहास की किताबों में अपना नाम दर्ज कराएगी।
