सिरसा में पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला को किसानों ने कहा ‘गो बैक’

सिरसा : किसान आंदोलन को लेकर जिले में किसानों ने खुइयां मलकाना टोल प्लाजा के पास हाईवे पर जाम लगाया। इस दौरान वहां गाड़ी में सवार होकर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला को किसानों ने आगे नहीं जाने दिया और वापस लौटा दिया। चौटाला डबवाली से सिरसा आ रहे थे। किसानों के दिल्ली कूच आंदोलन के चलते जिले के पंजाब सीमा से लगते बार्डर पूरी तरह सील रहे।
डबवाली में खुइयां मलकाना टोल प्लाजा के निकट किसानों द्वारा बीती रात से ही हाईवे जाम कर धरना दिया जा रहा है। रात्रि में पुलिस ने तीन किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया, जिसके विरोध में किसानों ने जाम लगाया हुआ था। बुधवार दाेपहर को जब पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला डबवाली से सिरसा जा रहे थे तो टोल प्लाजा के पास किसानों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया।
प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा कि चौटाला साहब सहयोग करो किसानों का। पूर्व मुख्यमंत्री ने किसानों से पूछा कि ठीक चल रहा है आपका आंदोलन। किसान बोले ठीक चल रहा है लेकिन आपका सहयोग नहीं मिल रहा। आप सही मायने में किसान है, आपसे बहुत उम्मीदें हैं। सारी उम्र आपके पीछे लगे हैं, हमारा साथ दो। इस अवसर पर किसानों ने दुष्यंत चौटाला व सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस मौके पर चौटाला ने कहा कि वे किसानों के साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *