अवैध संबंध में रिश्ते का क़त्ल : पत्‍नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दफन किया शव

यमुनानगर : प्रतापनगर में महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद शव को कमरे में ही गड्ढा खोदकर दफना दिया। इसका राज उस समय खुला, जब प्रेमी का उसके घर पर आना जाना अधिक बढ़ गया था। स्वजनों को शक हुआ, तो उन्होंने पुलिस को बताया। पुलिस ने मामले की छानबीन की, तो हत्या का पर्दाफाश हो गया।
प्रतापनगर निवासी 32 वर्षीय तिलकराज शर्मा बेलगढ़ क्रेशर जोन में मजदूरी का कार्य करता था। साढ़े तीन साल पहले पोंटा साहिब निवासी पालो देवी के साथ उसकी शादी हुई थी। शादी से उन्हें एक बेटी पैदा हुई। 22 जनवरी 2021 को तिलकराज शर्मा लापता हो गया। उसकी पत्नी पालो देवी ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी। जिसमें कहा गया कि पति का कोई पता नहीं लग रहा है। उसकी काफी तलाश की गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। इसके बाद पुलिस जांच कर रही थी।
तिलक की गुमशुदगी के बाद सोहेल का उसके घर पर आना जाना बहुत अधिक हो गया था। वह पूरा दिन पालो देवी के घर पर ही रहता था। जिससे पड़ोसियों व परिवार के लोगों को शक हुआ। इसके साथ ही पालो देवी ने अपने घर का सामान भी एक-एक कर बेचना शुरू कर दिया था। जिस पर तिलक के स्वजनों ने पुलिस को जांच करने के लिए कहा गया। पुलिस ने पालो देवी पर नजर रखनी शुरू कर दी। शक पुख्ता होने पर उससे सख्ती से पूछताछ की, तो चौकाने वाला राज सामने आया। पालो देवी ने पुलिस को बताया कि उसने 14 जनवरी की रात करीब साढ़े आठ बजे प्रेमी सोहेल के साथ मिलकर पति का गला रस्सी से दबा दिया और शव को मकान के बने एक कमरे में खुदाई कर दफना दिया।
बताया जा रहा है कि पालो देवी व सोहेल के बीच करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब तिलक काम पर चला जाता था, तो वह छिपकर पालो देवी के घर पहुंच जाता था। इस बारे में आसपड़ोस के लोगों को पता लगा और विरोध किया, तो पालो देवी ने उन पर ही छेड़छाड़ के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दे दी। जिसके बाद से किसी ने भी उसे नहीं टोका। तिलकराज के परिजनों को भी उस पर शक था, लेकिन पुख्ता जानकारी नहीं मिल रही थी। जब तिलकराज गायब हुआ, तो उन्होंने भी वहीं पड़ोसियों के घर पर लगे सीसीटीवी को खंगाला। जिसमें सोहेल आता दिख रहा है। तिलकराज के लापता होने के बाद से ही वह दिन रात यहां आता रहता था।
पुलिस ने जब शव को निकलवाया, तो उसमें से बदबू उठ रही थी। पुलिस ने पालो देवी व उसके प्रेमी सोहेल को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी बलदेव सिंह ने बताया कि तिलकराज के लापता होने के बाद से ही पुलिस जांच कर रही थी। उसकी पत्नी पर शक हुआ, तो उससे पूछताछ की। जिसमें उसने हत्या कर शव दफनाने का राज खोला। आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया।