देशराजनैतिकहरियाणा

उमेश गर्ग को अग्रवाल वैश्य समाज ने नियुक्त किया प्रदेश प्रचार सचिव  

गुडग़ांव : देश के 365 वैश्य घटकों की प्रतिनिधि संस्था अग्रवाल वैश्य समाज के संगठनात्मक ढांचे में एक महत्वपूर्ण विस्तार किया गया है।  ह्यूमन इंडिया समाचार पत्र के संपादक वरिष्ठ पत्रकार उमेश गर्ग को अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा का प्रदेश प्रचार सचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति संस्था के शीर्ष नेतृत्व की सहमति और अनुशंसा के बाद तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई है। संस्था के मुख्य कार्यालय से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार अग्रवाल वैश्य समाज (हरियाणा) के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला की विशेष अनुशंसा पर उमेश गर्ग के नाम पर यह मुहर लगाई गई है। संस्था के महासचिव बलराम गुप्ता द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में बताया गया कि उमेश गर्ग की सामाजिक सक्रियता, संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और लंबे सांगठनिक अनुभव को देखते हुए उन्हें इस अहम जिम्मेदारी के लिए चुना गया है। इस नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए महासचिव बलराम गुप्ता ने विश्वास जताया कि नवनियुक्त प्रदेश प्रचार सचिव अपनी कुशल कार्यशैली से प्रदेश स्तर पर संगठन की नीतियों, विचारों और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि उमेश गर्ग के नेतृत्व और अनुभव से हरियाणा में समाज और संगठन को एक नई ऊर्जा और सही दिशा मिलेगी, जिससे संगठन और अधिक मजबूत होगा। अपनी नियुक्ति पर उमेश गर्ग ने अशोक बुवानीवाला सहित कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष तायल, महासचिव राजेश सिंगला और बलराम गुप्ता सहित सभी वरिष्ठ और कनिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। संस्था ने मुझे समाज सेवा के लिए इस पद पर नियुक्त किया है। उनकी उम्मीदों और आशाओं पर मैं सदा खरा उतरूंगा।