हरियाणा में ऑनर किलिंग : युवक की नृशंस हत्या !
सिरसा : हरियाणा के सिरसा जिले में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। रानियां के गांव नथोर में बेरहमी से एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक को इतनी निर्दयता से मारा गया कि शव देखने वाले की रूह कांप गई। मृतक का आधा सिर ही गायब था।
मृतक की पहचान निक्कू सिंह पुत्र तेजा सिंह के रूप में हुई है। मौत का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। करीब साल पहले एक लड़की अपने घर से गायब हो गई थी। परिजनों ने थाना रानियां में शिकायत दर्ज करवाई थी और निक्कू सिंह पर लड़की को भगा ले जाने का संदेह जताया था।
कुछ दिनों बाद निक्कू सिंह ने लड़की से प्रेम विवाह कर लिया था। कहा जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते निक्कू सिंह की रात के समय हत्या की गई है। युवक के सिर पर रॉड से हमला किया गया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ 302 का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, युवक के सिर पर एक नहीं कई बार वार किए गए हैं। मारने वाले के मन में मृतक के लिए कितनी नफरत थी, शव की हालत देखकर ही पता लग रहा था। सिर पर ऐसे वार किए गए कि आधे सिर के चिथड़े-चिथड़े हो गए। शायद वारदात प्लानिंग के तहत अंजाम दी गई है।