गुरुग्राम में 10 करोड़ की ठगी, ट्रैफिक एएसआई सहित चार पर केस दर्ज !
गुरुग्राम : शहर में एक कंपनी के डायरेक्टर को जमीन दिलवाने व व्यवसाय को आगे बढ़ाने के नाम पर दो बार में करीब 10 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपियों में गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का एक एएसआई भी शामिल है। पीड़ित ने थाना बादशाहपुर में ट्रैफिक एएसआई सहित चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
राकेश सूद ने बताया कि वह कंपनी ट्रिम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, सुशांत लोक के डायरेक्टर हैं। 2016 में शहर में कंपनी के बिजनेस को बढ़ाने के लिए प्रयासरत थे। तब गुरुग्राम यातायात पुलिस में एएसआई सुरेश कुमार व उसका दोस्त राकेश कुमार उनके पास आए और गांव बहरामपुर में जमीन खरीदने के लिए कहने लगे। उनकी बातों में आकर राकेश ने तीन करोड़ रुपये का चेक उस समय जमीन का मालिक बताए गए बहादुर सिंह को देकर जमीन कंपनी के नाम से खरीद ली। बाद में पता चला कि बहादुर सिंह उस जमीन का मालिक नहीं था, जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराई गई थी। अपने रुपये मांगे तो एएसआई सुरेश कुमार व राकेश कुमार टालमटोल करते रहे। काफी कहने पर राकेश कुमार ने 3.80 करोड़ व बहादुर सिंह ने 1.46 करोड़ का चेक दिया, लेकिन बैंक में यह दोनों ही चेक बाउंस हो गए।
कंपनी डायरेक्टर राकेश सूद ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कहने पर एएसआई सुरेश कुमार ने उन्हें सतीश शर्मा नाम के एक व्यक्ति से मिलवाया व कहा कि सतीश शर्मा बहादुर सिंह से उनके पैसे दिलवा देगा। सतीश शर्मा ने कंपनी के बिजनेस को आगे बढ़ने के नाम पर 5.60 करोड़ रुपये मांग लिए। राकेश सूद का कहना है कि एएसआई सुरेश कुमार के कहने पर उन्होंने इतने रुपये सतीश शर्मा को दे दिए। इन रुपयों को देने के एग्रीमेंट पर अमेरिका में रहने वाले राकेश पस्सी नाम के व्यक्ति ने भी हस्ताक्षर किए हैं।
अभी तक न तो सतीश शर्मा न बहादुर ने रुपये लौटाए हैं। एएसआई सुरेश कुमार व उसका दोस्त राकेश कुुमार रोज नए बहाने बनाते हैं। रुपयों के लौटने की आशा न देखते हुए शुक्रवार को कंपनी डायरेक्टर राकेश सूद ने एएसआई सुरेश कुमार, राकेश कुमार, सतीश शर्मा व अमेरिका में रहने वाले राकेश पस्सी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
