हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित, हरियाणा में 7717 नए मरीज !

चंडीगढ़ : हरियाणा में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा व उनकी पत्नी आशा हुड्डा की कोविड रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है। उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया है।
हरियाणा में शनिवार को 7717 और लोग संक्रमण की चपेट में आए। वहीं, शनिवार को प्रदेश में महामारी से जूझ रहे रिकार्ड 32 लोगों की मौत हो गई। पानीपत और फरीदाबाद में पांच-पांच, हिसार, करनाल और रोहतक में तीन-तीन, जींद, पलवल, पंचकूला, अंबाला और गुरुग्राम में दो-दो तथा फतेहाबाद, यमुनानगर व कुरुक्षेत्र में एक-एक मरीज की मौत हुई है।
कोरोना से जंग को तेज करने के लिए प्रदेश सरकार ने गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की अगुआई में मुख्य सचिव विजय वर्धन सहित 10 अतिरिक्त मुख्य सचिव और प्रधान सचिव स्तर के आइएएस, डीजीपी मनोज यादव और स्वास्थ्य महानिदेशक स्तर के पांच अधिकारियों वाली 17 सदस्यीय राज्य स्तरीय कमेटी बनाई है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 2944 मरीज ठीक होकर लौटे हैं। इसके साथ ही एक्टिव केसों की संख्या 38,558 हो गई है। लगातार मिल रहे कोरोना मरीजों के चलते रिकवरी रेट लुढ़कता हुआ 88.01 फीसद पर आ गया है। पाजिटिव रेट लगातार बढ़ता हुआ 5 .16 फीसद पर पहुंच गया है। मृत्यु दर 0.95 फीसद है। प्रत्येक 10 लाख लोगों पर दो लाख 68 हजार 624 मरीजों की जांच की जा रही है। शनिवार को 55 हजार 660 और लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण कराया। प्रदेश में अभी तक 31 लाख 56 हजार 740 लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं।