देशहरियाणा

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, तेज आंधी के बाद बारिश !

नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार शाम को मौसम के अचानक करवट बदलने से तेज आंधी के बाद आई बारिश ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी है। दिल्ली में शुक्रवार को बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने से तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट दर्ज गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ट्वीट कर दिल्ली, बहादुरगढ़, गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, लाहौर, हिंडन एएफ स्टेशन, गाजियाबाद में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की गति के साथ हवाएं चलने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया था।
दिल्ली में शुक्रवार को सुबह न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो इस मौसम में अब तक का सर्वाधिक तापमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। आईएमडी ने बताया कि अगले पांच छह दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है।