सौतेले पिता ने पांच साल के मासूम पर ढाये जुल्म, माता पिता गिरफ्तार

बल्लभगढ़। सुभाष कॉलोनी में सौतेले पिता ने पांच साल के मासूम पर जुल्म करने में मानवता की सभी हदें पार कर दीं। आरोपी ने उसके गुप्तांग को बीड़ी से जलाने का प्रयास किया व दांत से काट कर घायल कर दिया। इसमें उसकी मां भी साथ देती थी। बच्चे ने सारी बात नाना-नानी को बताई। बहरहाल, वह अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद हरकत में आई चाइल्ड लाइन टीम की शिकायत पर आदर्श नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चे के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया तथा दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
चाइल्ड लाइन के सदस्य रविंद्र ने थाना आदर्श नगर को सूचना दी कि एक बच्चा गंभीर हालत में बीके अस्पताल में लाया गया है। इसके बाद थाना पुलिस व चाइल्ड लाइन के सदस्य अस्पताल पहुंचे और बच्चे से बात करने की कोशिश की। काफी देर काउंसिलिंग के बाद वह अपना नाम नितिन व पापा का नाम सोनू बता पाया जो उसका सौतेला पिता है। सगे पिता ने किसी विवाद के कारण दूसरी शादी कर ली थी, इसलिए वह अपनी मां के साथ नाना-नानी के घर कृष्णा कॉलोनी में रहने लगा था।
कुछ दिन बाद मां काजल ने भी सुभाष कॉलोनी निवासी सोनू से दूसरी शादी कर ली। उसके बाद वह मां के साथ कृष्णा कॉलोनी से सुभाष कॉलोनी बल्लभगढ़ आ गया। यहां आने के बाद जब बच्चा खाना मांगता तो उसके सौतेले पिता उसे बेल्ट से मारते। बच्चे ने बताया कि उसके पिता रोजाना उसकी पिटाई करते थे। जब वह सोता तो पिता उसे दांत से काट लेते थे।
जब बच्चे के नाना-नानी उसकी मां से मिलने आए तो वह उनसे लिपटकर रोने लगा। रात को बच्चे ने आपबीती उन्हें सुनाई। इसके बाद बच्चे के नाना-नानी ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया व पुलिस को सूचना दी। थाना आदर्श नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *