जल कर राख हुई गेंहू की फसल के मुआवजे की मांग, एसडीएम को ज्ञापन सौंपा !
पटौदी (घनश्याम) : गांव जाटौली में तेज हवाओं में बिजली के शार्ट सर्किट के कारण जल कर राख हुए गेंहू की फसल का मुआवजा देने के लिए वीरवार को परिजनों सहित किसान संघ के लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में पीड़िता राजेश रानी पत्नी महावीर प्रसाद ने कहा है कि अगर उसे मुआवजा नहीं दिया गया तो आत्महत्या के अलावा उसके पास कोई चारा शेष नहीं बचता है क्योंकि उसकी 5 एकड़ से ज्यादा गेंहू की तैयार फसल जल गई। सारी फसल उसने पट्टे पर ले रखी थी। पट्टे पर ले रखी जमीन के आधे से ज्यादा रूपए खेत के मालिक को पहले ही अदा कर दिया है।
खेती उनके परिवार को चला रही है। फसल जलने के कारण खाने के लाले पड़ जाएंगें। एक खेत में 50 हजार रूपए से ज्यादा को नुकसान हुआ हैं सरकार जल्द जल्द उचित मुआवजा दे। भारतीय किसान संघ के प्रदेशाध्यक्ष ओम सिंह व सदस्य रवि चैहान भी इस अवसर पर मौजूद रहे। बीते मंगलवार को गांव जाटौली सहित गुरूग्राम के कई गांवों मेें गेंहू की फसल में आग लगने के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था।
