किसान आंदोलन के 4 माह पूरे होने पर आज किसान मोर्चा करेगा भारत बंद का आयोजन
गुरुग्राम : गुरुग्राम के संयुक्त किसान मोर्चा का अनिश्चितकालीन धरना किसान आंदोलन के समर्थन में वीरवार को 88वें दिन भी जारी रहा। धरने को समर्थन देने वालों का सिलसिला जारी है। मोर्चा के जिलाध्यक्ष संतोख सिंह ने बताया कि किसान आंदोलन को आज शुक्रवार को 4 माह यानि कि 120 दिन पूरे हो जाएंगे। किसान कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर डटे हुए हैं। उनके समर्थन में हरियाणा, राजस्थान व अन्य प्रदेशों में अनिश्चितकालीन धरने भी जारी हैं।
उन्होंने बताया कि आज शुक्रवार को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर तीनों कृषि कानूनों को रद्द कराने, निजीकरण, श्रम कानूनों में बदलाव, पेट्रोल-डीजल व घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ भारत बंद का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आज पूरे देश में भारत बंद रहेगा। मोर्चा के आरएस राठी, बीरु सरपंच व गजे सिंह कबलाना का कहना है कि सभी कार्यकर्ता आज प्रात: धरना स्थल पर एकत्रित होंगे और उसके बाद शांतिपूर्वक प्रदर्शन करते हुए सदर बाजार जाएंगे और बाजार में व्यापारियों से आग्रह करेंगे कि वे भारत बंद में सहयोग करें, ताकि सरकार की हठधर्मिता पर रोक लगाई जा सके।
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार किसानों की बात सुनने की बजाय किसानों को ही बदनाम करने पर तुली है। सार्वजनिक क्षेत्रों को निजी क्षेत्रों को बेचा जा रहा है, जिससे देश में बेरोजगारी बढ़ेगी। धरने पर बैठने वालों में श्रमिक नेता अनिल पंवार, बलवान सिंह दहिया, नवनीत, डा. सारिका वर्मा, एडवोकेट अरुण शर्मा, सत्यवीर सिंह ढोंचक, तेजराम यादव, महासिंह ठाकरान, दयानंद शर्मा, सतबीर गुर्जर, सुरेंद्र सिंह, रमेश दलाल आदि शामिल रहे।