हरियाणा में नदी से मिले बम, मचा हड़कंप !
अंबाला : कुरुक्षेत्र-अंबाला सीमा पर गांव पाडलू व पंजैल से गुजर रही मारकंडा नदी की तलहटी से दो बम मिले हैं। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत शाहाबाद पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। मरकंडा नदी तलहटी पर मिले दोनों बम पर जंग लगी हुई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि ये बहुत पुराने हैं। हालांकि ये नदी में कैसे आए इस बारे में कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया है। बम निरोधक दस्ते की जांच के बाद ही इनके बारे में कुछ कहा जाएगा।
पुलिस के मुताबिक गांव पाडलू निवासी अमनदीप सुबह साढ़े आठ बजे शाहाबाद की ओर आ रहा था। उसने मारकंडा नदी में दो बम जैसी चीज दिखाई थी। उसने पास जा कर उन्हें देखा तो वे बम सैल थे। दाेनों थोड़ी-थोड़ी दूरी पर थे। दोनों पर ही जंग लगा हुआ था। यह जमीन बलबीर खुराना की है। जिससे बम सेल मिले हैं। इस बारे में तुरंत शाहाबाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना शाहाबाद प्रभारी प्रतीक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बम सेल को हाथ में उठा कर भी देखा, मगर उस पर लिखा कुछ स्पष्ट नहीं हुआ। इस बारे में आला अधिकारियों को सूचना दी गई। आला अधिकारियों के आदेश पर बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया।