युवक ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला !
गुरुग्राम : यहाँ के गांव सिरहौल में एक शख्स ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वह सड़क से ही पत्नी को पीटता हुआ कमरे तक ले गया। अधिक चोट लगने से जब पत्नी बेसुध हो गई तो घर में छोड़कर फरार हो गया। कुछ ही देर में मौत हो गई।
मृतका का रूबी था और यहां अपने पति मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के गांव देवामाई निवासी सतीश कुमार सिंह के साथ रहती थी। 23 वर्षीय रूबी मैनपुरी जिले के ही गांव चंद्रपुर की रहने वाली थी। रूबी के भाई अक्षय सिंह की शिकायत पर सेक्टर-18 थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मैनपुरी जिले के ही गांव चंद्रपुर निवासी 23 वर्षीय रूबी की शादी सात साल पहले सतीश कुमार सिंह के साथ हुई थी। दोनों कई वर्षो से गांव सिरहौल में ही किराये पर रह रहे थे। सतीश एक निजी कंपनी में गार्ड की नौकरी करता है। इनके दो बच्चे हैं। बेटा पांच साल का जबकि बेटी ढाई साल की है।
थाने में दी गई शिकायत के मुताबिक रविवार सुबह पति-पत्नी में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस वजह से दोनों में सुबह से ही झगड़ा चल रहा था। रूबी कमरे से बाहर निकलकर गांव में ही शनि मंदिर के पास चली गई थी। सतीश भी वहां पहुंच गया था। वहीं से रूबी को पीटते हुए कमरे पर ले गया था। पड़ोसियों से सूचना मिलते ही दिल्ली के कृष्णा कालोनी में किराये पर रहकर सिलाई का काम करने वाले रूबी के भाई अक्षय सिंह पहुंचे। तब तक रूबी की मौत हो चुकी थी। बच्चे पड़ोसी के पास थे।
सेक्टर-18 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपित की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।