डेढ़ महीने पहले पड़ोस की युवती से किया प्रेम विवाह, चाकू के 13 वार कर हत्या !

पानीपत : डेढ़ महीने पहले पड़ोस की ही युवती से प्रेम विवाह करने वाले युवक की मुहल्ले में ताबड़तोड़ चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। करीब 13 बार चाकू मारा गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके स्वजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने ही हत्या की है। उन्हें कई दिन से धमकी दे रहे थे। दो सप्ताह पहले भी हमला हुआ था।
मृतक के पिता ने बताया कि लड़की के मामा का लड़का फरार है। इस लड़के के भाई ने पुलिस को बताया है कि छोटे भाई का कुछ झगड़ा तो हुआ था। वारदात भावना चौक के पास हुई। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। वारदात से आधे घंटे पहले ही विवाहिता के भाई घर पर आकर धमकी भी दे गए थे। स्वजनों का कहना है कि ये आनर किलिंग है। हत्यारों को पुलिस जल्द पकड़े।
भावना चौक के रहने वाले गुलशन ने बताया कि उनके चार बेटे हैं। तीसरे नंबर का 23 वर्षीय नीरज पालिका बाजार में लवली हैंडलूम पर सेल्समैन था। पहले वे भोला चौक पर रहते थे। उनके पड़ोस में रहने वाली कोमल से नीरज ने अंतरजातीय विवाह किया। दोनों कोर्ट में शादी की। इसके बाद से कोमल के घरवाले उनसे रंजिश रखने लगे। उन्होंने एक महीने पहले घर भी छोड़ दिया था। भोला चौक से भावना चौक पर आकर रहने लगे। इसके बावजूद ससुराल वालों ने पीछा नहीं छोड़ा। कुछ दिन पहले उनके बड़े बेटे जगदीश पर हमला कर दिया। उसे चाकू लगा था।