प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से तथ्यहीन व झूठे : वर्धन यादव

गुरुग्राम : भाजपा षडयंत्र रचकर अपनी सबसे मजबूत विपक्षी पार्टी कांग्रेस को दबाने का प्रयास करती आ रही है, लेकिन कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता और मजबूत जनाधार भाजपा के मंसूबों को कभी पूरा नहीं होने देता। भाजपा के हाथों की कठपुतली बनी इनेलो ने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह पर झूठे और तथ्यहीन आरोप लगाए हैं, जिनका न कोई आधार है और न ही कोई सबूत। उक्त बात कांग्रेस के जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव ने कही। वर्धन यादव ने कहा कि यह पूरा मामला एक राजनैतिक षडयंत्र के अलावा कुछ नहीं है। पिछले करीब 12 वर्षों से निष्क्रिय मामला भाजपा द्वारा पुन: सक्रिय किया गया है, इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा का कहीं न कहीं जनाधार कमजोर हो रहा है और कांग्रेस अपनी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। बिना किसी नोटिस के की गई यह कार्रवाई भाजपा की घबराहट और कांग्रेस संगठन की बढ़ती मजबूती से उपजे भय का परिणाम है।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव का कहना है कि प्रदेश में कांग्रेस का संगठन बनने के बाद जिस प्रकार से कांग्रेस ने जनता के बीच अपनी तेजी से उपस्थिति दर्ज कराई है और भाजपा की जनविरोधी नीतियों की पोल खोली गई है, इससे भाजपा पूरी तरह से बौखला गई है। हरियाणा में पूरी तरह साख खो चुकी और बीजेपी की प्रोक्सी के रूप में काम करने वाली इनेलो पार्टी के बयानों या टिप्पणियों का कोई महत्व नहीं है। इनेलो केवल झूठ और तथ्यहीन आरोपों के आधार पर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं। कांग्रेस संविधान में विश्वास रखती है और हम उसी निडरता व प्रतिबद्धता के साथ जनता और संगठन की मज़बूती के लिए कार्यरत रहेंगे।