हरियाणा में खेल कोटे से भर्ती हुए डेढ़ हजार कर्मी बर्खास्त !

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को आदेश जारी करके स्पोर्ट्स कोटे में भर्ती हुए ग्रुप-डी के 1518 कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। जिन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की गई हैं उन्हें वर्ष 2019 में भर्ती किया गया था। सरकार ने बृहस्पतिवार की रात यह आदेश जारी किए, जिन्हें आज से लागू कर दिया गया है। सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन एवं डेरी, सामान्य प्रशासन आदि विभागों में स्पोट‍्र्स कोटे में भर्ती हुए कर्मियों की सेवाएं समाप्त की हैं।
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा ने नववर्ष पर टर्मिनेट करने की कार्रवाई के लिए पूरी तरह सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कर्मचारियों की इस टर्मिनेशन सहित अन्य मांगों को लेकर 12 जनवरी को डीसी कार्यालयों के घेराव का ऐलान किया है।
उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर को 50-55 वर्ष की आयु या 25 साल की सेवा उपरांत कर्मचारियों को प्रीमैच्योर रिटायरमेंट करने के जारी करने के आदेश और सीएम के आश्वासन के बावजूद 1983 बर्खास्त पीटीआई को अभी तक एडजस्ट नहीं किया गया है। केडीबी सहित अन्य विभागों से नौकरी से बर्खास्त कर्मचारियों को वापस ड्यूटी पर नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2019 में 18218 कर्मचारियों की भर्ती करके खूब वाहवाही लूटने का काम किया था। इसी भर्ती में 1518 ग्रुप-डी के कर्मचारियों को स्पोट‍्र्स कोटे में भर्ती किया गया था।