हरियाणा में कार्यक्रम से पूर्व ही मंच पर किसानों का कब्जा, शिलान्यास पट पर पोता लाल रंग !

कुरुक्षेत्र : भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने मंगलवार को दामला में कुरुक्षेत्र सांसद नायब सिंह सैनी के ग्राम सचिवालय भवन के शिलान्यास कार्यक्रम से पूर्व ही मंच पर कब्जा कर लिया। इतना ही नहीं शिलान्यास के पत्थर पर लाल रंग पोत कर अपना रोष जताया। किसान यही नहीं रूके उन्होंने कार्यक्रम में लगाए गए टैंट को भी उखाड़ फेंका। साथ ही कुर्सियों को भी पलट दिया। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भारतीय किसान यूनियन जिला प्रधान सुभाष गुर्जर व निदेशक मनदीप रोडछप्पर के नेतृत्व में किसानों ने गांव दामला में एक व खुर्दी गांव में तीन जगह लगे शिलान्यांस पत्थरों पर लाल रंग पोत कर विरोध प्रकट किया। किसानों ने शिलान्यास के ऊपर भारतीय किसान यूनियन का झंडा लगा दिया। बाद में प्रशासन ने शिलान्यास पर किए गए पेंट को साफ करवा कर सांसद व पूर्व राज्य मंत्री कर्णदेव कांबोज से शिलान्यास करवाया। वहीं नायब सैनी का कहना है कि कार्यक्रम का विरोध करने वाले विपक्ष के लोग हैं। सरकार ने जो तीन कानून बनाए हैं। वह किसान हित में हैं।फिर भी सरकार किसानों से बातचीत के लिए तैयार हैं। कुछ लोग जिद पर अड़े हुए हैं। कांग्रेस पार्टी किसानों के कंधे पर बंदूक रख चला रही हैं। देश को कमजोर करने वाली ताकते सक्रिय हो गई हैं। यह राष्ट्रहित के लिए अच्छा नहीं है। इस आंदोलन में 90 प्रतिशत लोग पंजाब से हैं। देश विरोधी नारे भी लग रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *