निकाय चुनाव : तीन निगमों के 13 वार्ड जजपा को, 47 भाजपा के पास
चंडीगढ़ : हरियाणा में हो रहे शहरी स्थानीय निकाय चुनाव को भाजपा-जजपा गठबंधन मिलकर लड़ रहा है। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बंटवारा भी हो गया है और दोनों पार्टियों ने कई जगह अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। तीन नगर निगमों – पंचकूला, अम्बाला सिटी व सोनीपत निगम में 20-20 वार्ड हैं। इनमें से कुल 13 वार्डों पर जजपा चुनाव लड़ेगी, जबकि बाकी 47 भाजपा के हिस्से में आए हैं।
तीनों निगमों में मेयर पद पर चुनाव भाजपा प्रत्याशी लड़ेंगे। सांपला नगर पालिका व रेवाड़ी नगर परिषद का अध्यक्ष पद भी भाजपा कोटे में ही है। वहीं धारूहेड़ा व उकलाना नगर पालिका के अध्यक्ष पद जजपा के हिस्से में आए हैं। भाजपा की गठबंधन सहयोगी जजपा दोनों जगह अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। 13 वार्डों के लिए पार्षद प्रत्याशियों की घोषणा भी रविवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय से कर दी।
पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. केसी बांगड़, प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीदवारों की घोषणा की। इस मौके पर पार्टी प्रवक्ता दिलबाग नैन, पंचकूला जिला शहरी प्रधान ओपी सिहाग व ग्रामीण जिला प्रधान एवं प्रदेश प्रवक्ता भाग सिंह दमदमा आदि मौजूद रहे। बांगड़ ने पंचकूला, सोनीपत और अम्बाला नगर निगमों के चुनाव को लेकर 13 वार्डों के उम्मीदवारों की घोषणा की है।
सोनीपत नगर निगम में वार्ड नंबर पांच से रविंद्र दहिया, वार्ड नंबर छह से ममता सैणी, वार्ड नंबर 17 से बरहम प्रकाश राठी और वार्ड नंबर 18 से बलजीत गहलावत उम्मीदवार होंगे। पंचकूला नगर निगम में वार्ड नंबर 9 से राजेश कुमार, वार्ड नंबर 14 से सुशील गर्ग और वार्ड नंबर 18 से अमरिंदर सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं अम्बाला निगम में वार्ड नंबर 10 से सुखजीत सिंह, वार्ड नंबर 11 से गीता रानी, वार्ड नंबर 14 से ममता रानी, वार्ड नंबर 18 से कुलदीप सिंह और वार्ड नंबर 20 से प्रीति को उम्मीदवार बनाया है। बांगड़ ने कहा कि भाजपा और जजपा मिलकर यह चुनाव मजबूती के साथ लड़ रही है। उन्होंने कहा कि बचे उम्मीदवारों की घोषणा भी जल्द कर दी जाएगी। इस दौरान पंचकूला के अमरेंद्र सिंह, पूर्व पार्षद सुरेंद्र सिंह, सुशील गर्ग, पूर्व पार्षद आशीष गर्ग ने अपने समर्थकों सहित जजपा में शामिल होने की घोषणा की।