हरियाणा में आंदोलन : एक तरफ किसान दूसरी और कर्मचारी !

चंडीगढ़ : बृहस्पतिवार को हरियाणा सरकार के सामने दोहरी चुनौती होगी। किसानों के आंदोलन से दो-चार हो रही सरकार के लिए अब कर्मचारी संगठन भी मुश्किल खड़ी करेंगे। बृहस्पतिवार की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में हरियाणा के कई विभागों व बोर्ड-निगमों के कर्मचारी शामिल होंगे। वहीं केंद्र सरकार के कृषि से जुड़े तीन नये कानूनों के खिलाफ किसानों ने भी इसी दिन दिल्ली कूच का ऐलान किया हुआ है। हड़ताल के मद्देनजर सरकार ने सभी जिलों के उपायुक्तों को नागरिक सेवाओं से जुड़े विभागों में वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
किसानों के आंदोलन को देखते हुए सरकार ने सभी सड़कों पर पुलिस तैनात कर दी है। बुधवार को भी अम्बाला, कुरुक्षेत्र व सोनीपत सहित कई जिलों में प्रशासन व किसानों के बीच टकराव हुआ। नेशनल हाईवे पर घंटों तक कई किलोमीटर लम्बा जाम लगा रहा। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी राज्य में ऐसी ही दिक्कत होने के आसार हैं। कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने की वजह से कई जरूरी सेवाएं बाधित होने का डर है। हड़ताल में राज्य के सभी सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों, विश्वविद्यालयों, नगर निगमों, परिषदों व पालिकाओं और केंद्रीय परियोजनाओं में कार्यरत लाखों कर्मचारी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *