पंजाब के किसानों का दिल्ली कूच, हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस ने भांजीं लाठियां!

चंडीगढ़ : पंजाब के किसानों को केन्द्र के कृषि संबंधी कानूनों के खिलाफ अपने प्रस्तावित जलूस के लिए अपने ट्रैक्टर-ट्रेलर के साथ हरियाणा की सीमाओं पर दिल्ली जाने से रोक लिया गया है। हरियाणा सीमा पर किसानों पर पानी की बौछारें भी की गयीं। इसके साथ-कई जगह पुिलस द्वारा लाठियां भांजने के भी अपुष्ट समाचार मिले हैं। किसानों ने कई जगह बैरिकेड भी तोड़ दिये।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को कहा था कि 26 और 27 नवम्बर को पंजाब से लगती राज्य की सीमा सील रहेंगी। ‘ऑल-इंडिया किसान संघर्ष कोर्डिनेशन कमेटी’ , राष्ट्रीय किसान महासंघ और भारतीय किसान यूनियन के विभिन्न धड़ों ने केन्द्र पर हाल के तीन कृषि कानूनों को वापस लेने का दबाव बनाने के लिए 26-27 नवम्बर को ‘दिल्ली चलो’ का आह्वान किया था। किसान संगठनों ने कहा है कि उन्हें राष्ट्रीय राजधानी जाते हुए, उन्हें जहां कहीं भी रोका गया, वे वहीं धरने पर बैठ जाएंगे। भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्राहां) के महासचिव सुखदेव सिंह कोकरी कलां ने बुधवार को कहा कि वे 26 नवम्बर को दिल्ली की ओर मार्च करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे कुछ सदस्य ट्रैक्टर-ट्रेलर से हरियाणा सीमा के पास खनौरी गांव पहुंच चुके हैं।’ कोकरी कलां ने कहा कि वे प्रदर्शन में शामिल होने वाले किसानों के लिए भोजन और जरूरी चीजों का इंतजाम कर रहे हैं। बीकेयू (एकता उग्राहां) ने दावा किया है कि उससे जुड़े 2 लाख से अधिक किसान खनौरी और डबवाली से हरियाणा में दाखिल होंगे। किसान अपने मार्च के लिए राशन, सब्जियां, लकड़ी और अन्य आवश्यक सामान लाए हैं। मौसम के सर्द होने के मद्देनजर, वे रजाई, कंबल भी लाए हैं और उन्होंने अपनी ट्रॉलियों को तिरपाल से ढंक दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *