विश्वविद्यालयों के संघीकरण ख़िलाफ़ कांग्रेस करेगी आंदोलन- वर्धन यादव

कांग्रेस व एनएसयूआई ने छात्रों के मुद्दों को लेकर निकाली छात्र आक्रोश रैली
जीयू में आवश्यक सुविधाओं को लेकर कुलपति के नाम सौंपा ज्ञापन
गुरुग्राम: गुरुग्राम विश्वविद्यालय (जीयू) में छात्रों से जुड़े मुद्दों व आवश्यक सुविधाओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी एवं भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) गुरुग्राम इकाई द्वारा बादशाहपुर एसपीआर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय से लेकर सैक्टर 87 स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय तक विशाल छात्र आक्रोश रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कमेटी व एनएसयूआई के कार्यकर्ता शामिल हुए और छात्रों के मुद्दों पर हल्लाबोल करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम ज्ञापन भी दिया। इस अवसर पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव सहित एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय में कैंटीन की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे छात्रों को भोजन के लिए काफी परेशानी होती है। छात्रों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है, जोकि बेहद खतरनाक है। इसलिए छात्रों को कैंटीन की व्यवस्था कराई जाए। परीक्षा परिणाम समय पर घोषित नहीं होते हैं, विशेष रूप से री-एवैल्यूएशन एवं री-एपीयर के परिणामों में देरी होती है, जिससे छात्रों को आगे की पढ़ाई में कठिनाई होती है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर सुरक्षा के लिए एक पीसीआर पुलिस वाहन की स्थायी तैनाती की जाए, ताकि परिसर का वातावरण सुरक्षित बना रहे। छात्रों की सुविधा हेतु बस सेवा शुरू की जाए, जो गुरुग्राम बस स्टैंड, वाटिका चौक तथा अन्य प्रमुख स्थानों से विश्वविद्यालय तक उपलब्ध हो सके।
कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि जिन युवाओं को देश का भविष्य कहा जाता है और जिनके कंधों के ऊपर देश की जिम्मेदारी है। भाजपा सरकार उन्हीं युवाओं को कमजोर करने का काम कर रही है। यदि युवा वर्ग शिक्षित नहीं होगा तो देश का विकास कैसे होगा। विश्वविद्यालय में सुविधाएं जानबूझकर उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उन्हें हर स्तर पर दबाया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस हमेशा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है और भविष्य में भी युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी।
इस अवसर पर प्रदेश  एनएसयूआई के अध्यक्ष अविनाश यादव, डूसू के उपाध्यक्ष राहुल झांसला,अनुसूचित विभाग के उपाध्यक्ष अनिल धानक, युवा नेता कुलदीप गुर्जर, प्रदेश प्रवक्ता मनीष खटाना, सुखबीर तंवर,  एनएसयूआई  प्रदेश महासचिव शिव बोकन,  एनएसयूआई  जिलाध्यक्ष ऋतिक खटाना, जिला उपाध्यक्ष सतपाल शर्मा, मुकेश पवन चौधरी, जिला महासचिव राकेश यादव, विवेक कटारिया, अमित यादव, जिला सचिव राहुल नंबरदार, हरेंद्र सहरावत आदि अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।