चाचा के पदचिन्हों पर चलकर जज बनी गांव डेरोली अहीर की बेटी बेनिका यादव !

-रिटायर्ड इंस्पेक्टर पिता और रिटायर्ड अध्यापिका माता के प्रयास लाये रंग
-बड़ी बहन एक्साइज एंड टेक्सटेशन डिपार्टमेंट में है अधिकारी तो चाचा है एडिशनल सेशन जज
गुरुग्राम : वो जमाना अब लद गया जब लोग बेटी को बोझ समझते थे | आज बेटियां वास्तव में अपने माता-पिता के लिए गौरव से कम नहीं| इसी बात को सौ फीसदी सार्थक किया है मूल रूप से महेंद्रगढ़ जिला के गांव डेरोली अहीर के रहने वाले हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर बिजेन्दर सिंह की बेटी बेनिका यादव ने जिसका हरियाणा न्यायिक सेवा में चयन हुआ है।
बेनिका के पिता रिटायर्ड पुलिस इन्स्पेटकर तो माता रिटायर्ड अध्यापिका है जिन्होंने बेटी का हर पग पर साथ देकर उसे प्रेरित किया और अंत में इस बेटी ने वो कर दिखाया जिसके लिए उसने सपना संजोया था | अपने चाचा सुनील यादव के पदचिन्हों पर चलकर बेनिका ने साबित कर दिया कि छोरियां वास्तव में छोरों से कम नहीं है | बेनिका के चाचा सुनील यादव वर्तमान में पंचकूला में एडिशनल सेशन जज हैं और उनके इस मुकाम के पीछे भी बेनिका के माता पिता की तपस्या और सहयोग ही रहा है |
बेटी बेनिका के जज के तौर पर चयन की जानकारी जैसे ही गांव के लोगों को मिली तो नवनियुक्त जज को बधाई देने वालों का उनके नारनौल के शास्त्री नगर स्थित घर पर तांता लग गया। इसी कड़ी में बेटी की हौसला अफजाई करने के लिए जानकार, रिश्तेदार गुरुग्राम के पुलिस लाइन स्थित इंस्पेक्टर के घर पहुंचे और बेटी को मिठाई खिलाकर बधाई दी। क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोगों ने भी इस होनहार बेटी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए फोन पर बधाई दी।
महेंद्रगढ़ के गांव डेरोली अहीर में जन्मी बेनिका यादव ने बताया कि उनके पिता बिजेन्दर सिंह हाल ही में हरियाणा पुलिस से बतौर इंस्पेक्टर और माता जी लखपति देवी बतौर अध्यापिका के तौर पर सेवानिवृत हुए हैं और वे दो बहने है। बड़ी बहन निकिता यादव एक्साइज एंड टेक्सटेशन डिपार्टमेंट में जीएसटी अधिकारी है।
बकौल बेनिका “मेरे जज बनने के सपने को साकार करने में सबसे ज्यादा योगदान मेरे माता पिता का रहा है जिन्होंने मुझे कही भी रुकने नहीं दिया । साथ ही मेरे चाचा जी का मार्गदर्शन मेरे लिए किसी वरदान से कम नहीं रहा जिन्होंने कदम कदम पर मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा दी | मैंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीएससी केमिस्ट्री होनर्स के बाद दिल्ली कैंप से लॉ की पढाई की और इसके बाद मेरे माता पिता के मार्गदर्शन में मैंने जुडिशरी की तैयारी शुरू की और आज मैंने उनके अरमान पूरे कर दिखाए और मेरे जीवन में इससे बड़ी बात कोई नहीं हो सकती”।
बेनिका के पिता रिटायर्ड इंस्पेक्टर बिजेन्दर सिंह ने बताया कि बेनिका ने 2021 में जुडिशरी की परीक्षा दी थी, जिसका परिणाम 17 अक्टूबर 2022 को आया। इस परीक्षा में उनकी बेटी 505 अंकों के साथ सफल रही | बड़ी बात यह है कि बेनिका ने पहले प्रयास में ये कामयाबी हासिल की है।
बिजेन्दर सिंह बोले “बेनिका ने दिल्ली से कोचिंग लेने के साथ रात और दिन पढ़ाई करके यह मुकाम हासिल किया है। मेरे लिए ये वो पल है जिसका अरमान मैंने पुलिस की कठिन नौकरी में संजोया था जिस पर मेरी दोनों ही बेटियों ने खरा उतारकर दिखाया है”|
बेनिका कहती है कि बचपन से ही उनकी यह इच्छा रही है कि वह देश सेवा और वंचितों को न्याय दिलाने का कार्य करेंगी। उन्होंने बताया कि जब वह इस तरह की बात अपने घर वालों के सामने करती थी, तो घर वालों को भी उनकी बात पर यकीन नहीं हो पाता था। लेकिन बाद में चाचा जी के जज बनने के बाद उन्होंने ठान लिया और माता पिता के सहयोग और आशीर्वाद से पहली ही कोशिश में मैंने अपना सपना साकार कर लिया | पुलिस महकमे के अलावा शहर के गणमान्य लोगों ने बेनिका की इस उपलब्धि पर उन्हें और उनके माता पिता को बधाई दी है !