पर्यावरण व सेहत की खातिर रोज 30 मिनट चलाएं साइकिल : नवीन गोयल

-बाइक, गाडिय़ों को छोड़ेंगे तो प्रदूषण कम होगा, साइकिल चलाने से होंगे सेहतमंद
गुरुग्राम : अंतरराष्ट्रीय साइकिल दिवस और विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को ऑल स्किल एंड रिसर्च फॉउंडेशन द्वारा सेक्टर-4 के शिव पार्क में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पौधारोपण, साइकिल यात्रा, प्रदर्शनी लगाकर लोगों को पर्यावरण और सेहत के प्रति जागरुक किया गया।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने लोगों को दोनों विषयों पर जागरुक करते हुए कहा कि इन विषयों पर भाजपा सरकार और पार्टी पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण में सुधार हम बाइक, कार व अन्य वाहनों में शेयरिंग में यात्रा करके कर सकते हैं। एक रिसर्च में भी यह बात कही गई है कि पैदल चलने और साइकिल चलाने से न केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है, बल्कि शरीर को भी स्वस्थ रखा जा सकता है।
3 जून को विश्व साइकिल दिवस पर लोगों को अपने संदेश में उन्होंने कहा कि जो शारीरिक रूप से ठीक हैं, वे रोजाना कम से कम 30 मिनट साइकिल जरूर चलाएं। उन्होंने कहा कि साइकिल दिवस को सिर्फ एक दिन कुछ दूरी तक साइकिल चलाकर मनाने की बजाय इसे साल के 365 दिन साइकिल चलाकर मनाएं। वह भी समय था जब घर के सभी काम साइकिल के माध्यम से ही पूरे किए जाते थे। साइकिल चलाने वाले बहुत कम बीमार पड़ते थे। आज हमारे लिए जितनी सुख-सुविधाएं हैं, उतने ही ज्यादा हम बीमार हो रहे हैं। इसका बड़ा कारण यही है कि हमने शारीरिक श्रम करना छोड़ दिया है। हम मशीनरी पर निर्भर हो गए हैं।
चिकित्सकों का भी कहना है कि नियमित रूप से 30 मिनट तक साइकिल अगर हम चलाते हैं तो हमारे ब्लड सेल्स और स्किन में ऑक्सीजन की पूर्ति होती है। अनिद्रा की समस्या दूर हो जाती है। नियमित रूप से 30 मिनट साइकिल चलाने से शरीर एक्टिव रहता है। साथ ही व्यक्ति के इम्यून सेल्स भी ज्यादा एक्टिव रहते हैं, जिससे व्यक्ति जल्दी बीमारियों की चपेट में नहीं आता। साइकिल चलाने से याददाश्त में तेजी आती है, इससे अलग मांसपेशियां भी मजबूत होती हैं।
इस अवसर पर ऑल स्किल एंड रिसर्च फॉउंडेशन के प्रेजीडेंट एमपी शर्मा, मनीष गौड़, सुदर्शन गौड़, सुशील गौड़, प्रवीण शर्मा, सुनीता कटारिया, अशोक भारद्वाज, किशनलाल, साइका, गौ प्रेमी संघ से रविन्द्र गुप्ता समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता, महिलाएं उपस्थित रहे।