करनाल में किसान महापंचायत: राकेश टिकैत बोले आंदोलन वैचारिक क्रांति, चढूनी ने डिप्टी सीएम को कहा गद्दार !

करनाल : भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने रविवार को करनाल में किसान महापंचायत में कहा कि कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन नहीं बल्कि, वैचारिक क्रांति शुरू हुई है। यह विचारों से ही खत्म होगी। हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को जनता का गद्दार करार दिया।
किसान महापंचायत का आयोजन रविवार को करनाल जिले के कस्बा इंद्री की अनाज मंडी में किया था। इसमें भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी और पंजाब के बलबीर राजेवाल समेत बड़े किसान नेता पहुंचे। महापंचायत में राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन नहीं बल्कि, वैचारिक क्रांति शुरू हुई है। यह विचारों से ही खत्म होगी। सरकार यदि मामला सुलझाना चाहती है तो अपना नंबर दे, हमारे नेता बात कर लेंगे। केंद्र सरकार को तीनों कानून वापस लेने चाहिए।
गुरनाम सिंह चढूनी ने दावा किया कि 26 जनवरी को दिल्ली में हुए घटनाक्रम के बाद किसान आंदोलन और मजबूत हुआ है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पर जनता से गद्दारी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने कुर्सी खरीदी है। वह सत्ता के लालच में ही इस्तीफा नहीं दे रहे हैं।