हरियाणा में रोटी के लिए दोस्त की कर दी हत्या !

-जगाधरी में छाती में ईंट मार 30 वर्षीय युवक की हत्या
जगाधरी : भरपेट खाना मांगने पर साथी ने 30 साल के युवक शत्रुघ्न की छाती में ईंट मारकर हत्या कर दी। दोनों को जोर की भूख लगी थी। शत्रुघ्न ने दो रोटी पहले खा ली थीं। लेकिन भूख नहीं मिटी तो दो रोटी और मांग ली। इस पर साथी बिंदेश्वरी (50) ने गुस्से में आकर ईंट उठा ली और शत्रुघ्न की छाती में मार दी। शत्रुघ्न की मौत हो गई। ये दोनों बिहार के रहने वाले हैं और एफसीआई के गोदाम में पल्लेदारी का काम करते थे। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर बिंदेश्वरी को गिरफ्तार कर लिया है।
शत्रुघ्न के चाचा लाल बहादुर ने बताया “हम पहले राजस्थान में काम करते थे। लॉकडाउन हुआ तो ट्रक में बैठकर किसी तरह छिपकर घर गए थे। वहां कोई काम नहीं मिला। अक्टूबर में हरियाणा आ गए। पहले राइस मिल में काम किया। वहां काम नहीं रहा तो अमादलपुर रोड स्थित एफसीआई के गोदाम में पल्लेदारी करने लग गए। अब जिंदगी पटरी पर आने लगी थी। शत्रुघ्न के पास एक बेटा व दो बेटियां हैं। बच्चे बुला रहे थे। शत्रुघ्न ने सोचा था कि कुछ पैसे कमा लें, फिर जाएंगे। उसे फरवरी में घर जाना था। शत्रुघ्न ने बुधवार की सुबह खाना खाया था। दिनभर काम करता रहा। रात को क्वार्टर पर लौटा था। प्रभाष खाना बना रहा था। इसे देख शत्रुघ्न भूख पर कंट्रोल नहीं कर पाया और पूरा खाना बनने से पहले दो रोटी खा ली। खाना बनकर तैयार हुआ तो सभी खाने बैठ गए। शत्रुघ्न ने दो रोटी और मांग ली। इस पर बिंदेश्वरी गुस्से में आ गया और ईंट उठाकर शत्रुघ्न की छाती में दे मारी। मेरी आंखों के सामने शत्रुघ्न की मौत हो गई। इसके बाद न रात को किसी ने खाना खाया, न ही सुबह खाना बनाया। जिस रोटी के लिए हत्या हुई, उसी रोटी के लिए हम तरस गए।”