कोरोना : वैक्सीन की दोनो डोज ले चुके नूंह के सीएमओ और डिप्टी सीएमओ पॉजिटिव !
नूह : जिले के सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र यादव एवं डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. बसंत दुबे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। खास बात यह है कि दोनों ही स्वास्थ्य विभाग के बड़े अधिकारी हैं और दोनों ही कोरोना वैक्सीन की दो डोज ले चुके हैं। सिविल सर्जन डॉ सुरेंद्र यादव कई दिन पहले पॉजिटिव पाए गए थे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने खबर को गोपनीय रखा।
इसके बाद डिप्टी सिविल सर्जन एवं जिला नोडल अधिकारी प्रतिरक्षण डॉक्टर वसंत दुबे की तबीयत खराब होने लगी। कोविड टेस्ट कराया तो रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई। अब दोनों अधिकारी होम आइसोलेशन में हैं। घर पर ही जरूरी कामकाज निपटाने में लगे हुए हैं। डिप्टी सिविल सर्जन डॉक्टर बसंत दुबे ने कहा कि दोनों डोज लेने के बावजूद भी सिविल सर्जन एवं उनको कोरोना हुआ है, लेकिन उन्हें कोई भय नहीं है। डोज लेने के बावजूद भी कोरोना के लक्षण पाए जा सकते हैं, लेकिन वैक्सीन लगने के बाद मौत होने का खतरा नहीं होता।