जनता मांगे उप मंडल फर्रुखनगर : उप मंडल के इंतजार में हैरिटेज सिटी फर्रुखनगर !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : हैरिटेज सिटी फर्रुखनगर को उप मंडल बनाने की मांग को लेकर इलाके का जनमानस एक सूत्र में होकर सरकार पर नजर टिकाये हुए है कि कब उप मंडल की घोषणा हो और कब इलाके के भाग्य खुले। उप मंडल की घोषणा होते ही हैरिटेज सिटी फर्रुखनगर उद्योगपतियों की पहली पंसद बन सकता है।
के. के. यादव, प्रेमचंद राजपूत, रोहताश प्रजापति, जीतू डागर, पूर्व पार्षद जिया लाल सैनी, हर्षित यादव, नितिन यादव आदि ने बताया कि वर्ष 2001 से उप मंडल की मांग राज्य सरकार के समक्ष निरन्तर की जा रही । फर्रुखनगर इलाके की आम जनता सहित अनेक सामाजिक संगठनों ने उप मंडल की मांग पर अनेकों बार की है। सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह , विधायक सत्यप्रकाश जरावता, विधायक राकेश दौलताबाद ने जनता की मांग को उचित ठहराते हुए समर्थन देते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खटटर को पत्र लिखकर जल्द से उप मंडल बनाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री द्वारा भी पत्रों के जवाब में कहा गया है कि हैरिटेज सिटी फर्रुखनगर को उप मंडल की कार्रवाई के लिए सम्बधित अधिकारियों को आदेश भी पारित किए जा चुके है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की सक्रियता के चलते जिला गुरुग्राम, उप मंडल पटौदी, तहसील फर्रुखनगर से भी फर्रुखनगर को उप मंडल बनाने की प्रक्रिया के तहत मांगी गई रिर्पोट तैयार करके उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। हैरीटेज सिटी फर्रुखनगर राज्य सरकार द्वारा नए उप मंडल के गठन के लिए सम्पूर्ण मापदंडों की पूर्ति करता है। उक्त कस्बा जहां भौगोलिक, प्रशासनिक एवं सुविधाओं के अनुसार सर्वाधिक उपयुक्त स्थान पर है । वहीं केएमपी सुपर एक्सप्रेसवे से इलाके के बीच से गुजर रहा है और वहीं एनएच 48 जयपुर -दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 20 किलो मीटर की दूरी पर स्थित है। इसकी सीमा देश की राजधानी से तो सटी हुई है ही साथ में साईबर सिटी गुरुग्राम जिला का मुख्य हिस्सा भी है। हैरिटेज सिटी फर्रुखनगर को उप मंडल बनाए जाने से राज्य सरकार पर आर्थिक भार भी बहुत कम पड़ेगा।