बच्चियों से यौन शोषण के आरोपी पंकज गुप्ता को जेल भेजा !
गुुरुग्राम : करीब बारह बच्चियों से यौन शोषण के मामले में आरोपी पंकज गुप्ता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने सभी पीड़ित बच्चियों का मेडिकल कराया है। आरोपी के वकील कुलभूषण भारद्वाज ने भी उसका साथ छोड़ते हुए अपना वकालतनामा वापस ले लिया है।
बच्चियों से यौन शोषण करने का आरोपी पंकज गुप्ता शहर में देवदूत फूड के नाम से संस्था चलाता है। इस संस्था की ओर से जरूरतमंदों को पांच रुपये में भोजन देने का दावा किया जाता है। पिछले दिनों एक स्कूल की शिक्षिका ने पंकज पर स्कूल की बच्चियों से संस्था में भोजन बनवाने आदि का आरोप लगाते हुए थाने में मामला दर्ज कराया था।
वहीं, बच्चियों से 164 के बयान में उत्पीड़न के आरोप लगाए गए। बृहस्पतिवार को आरोपी पंकज गुप्ता के वकील कुलभूषण भारद्वाज ने बताया कि वह नाबालिग बच्चियों से होने वाले अपराध के खिलाफ न्यायालय में फरिश्ते ग्रुप संस्था की ओर से निशुल्क पैरवी करते हैं। अब जब इस केस में पीड़िता सामने आ गईं हैं तो वे इस केस से अपने आप को अलग करते हैं और पीड़ित बच्चियों के साथ खड़े हैं। कोर्ट ने सुनवाई के बाद आरोपी पंकज को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
